दुनियाभर के अमीरों की गिनती में भारतीयों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। न्यू वर्ल्ड वेल्थ और अफ्रेशिया बैंक की रिपोर्ट अनुसार आने वाले 10 सालों में भारतीयों की निजी संपत्ति सबसे तेजी से बढ़ेगी।
संपत्तियों में यह इजाफा एक दो फीसदी नहीं बल्कि 200 फीसदी होगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस वृद्धि के साथ भारतीयों की कुल निजी संपत्ति 16 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो जाने की संभावना है।
अगर यह रिपोर्ट सच साबित होती है तो ब्रिटेन और जर्मनी को पछाड़कर भारतीय दुनिया के चौथे सबसे अमीर बन जाएंगे। बता दें कि 5.35 लाख करोड़ संपत्ति के साथ फिलहाल भारत छठे नंबर पर है और करीब 40.68 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ अमेरिकी नंबर एक हैं और अनुमान है कि आने वाले 10 साल बाद भी वह अव्वल रहेंगे। दुनिया भर के लोगों की निजी संपत्ति में होने वाली बढ़ोतरी का विश्लेषण इस रिपोर्ट में किया गया है। बता दें कि इसमें दुनिया भर के लोगों की इनकम में बीते दस साल और आने वाले 10 साल में कितनी बढ़ोतरी हुई है उसकी गणना की गई है।
यही नहीं इस रिपोर्ट में किसी भी देश की सरकार की संपत्ति और फंड को शामिल नहीं किया गया है। यहां देश की संपत्ति का मतलब वहां के लोगों की निजी संपत्ति से हैं। इसमें प्रॉपर्टी, नकदी, इक्विटी, कारोबार से कमाई को शामिल किया गया है।