फिल्म सलाम-ए-इश्क याद है? जब विद्या बालन की एक एक्सीडेंट में याद्दाश्त खो जाती है और उसका पति जॉन अब्राहम दोबारा उससे शादी करता है। ऐसा ही कुछ असल जिंदगी में भी होने जा रहा है। वर्जीनिया की रहने वाली 20 वर्षीय जस्टिस स्टैंपर अपनी याद्दाश्त खो चुकी है, उसे यह नहीं याद कि उसकी शादी कब हुई थी इसलिए नई यादें बनाने के लिए उसके पति उनसे दोबारा शादी करने वाले हैं।
2014 में अपने स्कूल के साथी जेरेमी से शादी करने के कुछ ही हफ्तों बाद जस्टिस अपनी आंटी से मिलने जा रही थी जब उसकी कार का बहुत भयंकर एक्सीडेंट हो गया।
कार की टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क के दाईं तरफ 50 फीट दूर जा कर गिरी। इस हादसे में जस्टिस की जान तो बच गई लेकिन अगले कुछ दिनों में यह साफ हो गया कि उसे एक्सीडेंट से पहले के दिनों का कुछ भी याद नहीं है। उसे यह तक याद नहीं था कि जेरेमी से उसकी शादी कब हुई।
जस्टिस को शादी की तस्वीरें और वीडियो दिखा कर याद कराने की भी कोशिश की गई लेकिन उसे कुछ याद नहीं आया। एक साक्षात्कार में उसने कहा था,'' यह ऐसा है जैसे किसी दूसरे देश में गए हों और कुछ समझ न आ रहा हो कि लोग क्या बात कर रहे हैं।''