प्लूटो पर हिमालय जैसे बर्फ के हजारों फुट ऊंचे पहाड़ हैं। जी हां ये सुनकर हैरान हो गए होंगे लेकिन यह सच है नासा की तस्वीरों से बात सामने आयी है।
सौर मंडल में सूर्य से सबसे दूर स्थित ग्रह प्लूटो के नजदीक सफलतापूर्वक उड़ान भरने वाले नासा के अंतरिक्ष यान ‘न्यू होराइजन्स’ ने ठीक एक दिन बाद वहां से प्लूटो की अद्भुत क्लोज-अप तस्वीरें भेजी हैं, जो बताती हैं कि यहां हिमालय जैसे बर्फ के हजारों फुट ऊंचे पहाड़ हैं।
ये पहाड़ बताते हैं कि इस ग्रह पर भौगोलिक सक्रियता अभी बनी हुई है। अंतरिक्ष यान ने उसके चंद्रमा ‘शेरॉन’ व ‘हाइड्रा’ की तस्वीरें भी भेजी हैं। पियानो के आकार का यह यान पिछले नौ साल में तीन अरब मील की दूरी तय करते हुए प्लूटो के करीब पहुंचा है।
प्लूटो के सबसे बड़े चंद्रमा ‘कैरों’ के उत्तरी ध्रुव पर गहरे धब्बे की तस्वीरें भी मिली हैं, जबकि इसके छोटे चंद्रमा ‘हाइड्रा’की तस्वीरें भी मिली हैं। यह 27 मील चौड़ा व 20 मील लम्बा है, जहां बर्फीले पानी की पूरी संभावना है।