अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने बताया है कि 2017 का अप्रैल 137 सालों में दूसरा सबसे गर्म महीना रहा। नासा ने आधुनिक रिकॉर्ड गणना के मुताबिक यह जानकारी दी है। पिछले दो सालों में अप्रैल महीने ने गर्मी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 1951 से 1980 के रिकॉर्ड के मुताबिक पिछला महीना अप्रैल औसत गर्मी के मुकाबले 0.88 डिग्री सेल्सियस ज्यादा गर्म रहा।
अप्रैल 2016 सबसे ज्यादा गर्म रहा। अप्रैल की गर्मी के औसत से यह 1.06 डिग्री सेल्सियस ज्यादा गर्म रहा। हालांकि अप्रैल 2016 के मुकाबले अप्रैल 2017 0.18 डिग्री सेल्सियस ठंडा रहा। इस साल अप्रैल का महीना 2010 के तीसरे सबसे गर्म अप्रैल 0.87 के मुकाबले मामूली गर्म रहा।
नासा के गोडार्ड इंस्टीट्यूट फॉर स्पेस स्टडीज (जीआईएसएस) के शोधकर्ताओं ने गर्मी का यह मासिक अध्ययन दुनिया भर के 6300 मौसम केंद्रों से जुटाए गए सार्वजनिक आंकड़ों के आधार पर किया है। इसमें समुद्र तल के तापमान और अंटार्कटिक शोध केंद्र के तापमान भी शामिल हैं।
आधुनिक वैश्विक तापमान का रिकॉर्ड रखना 1880 में शुरू हुआ था। उससे पहले के रिकॉर्ड का व्यापक आधार नहीं था। दिल्ली में इस साल 17 अप्रैल पिछले सात सालों में सबसे गर्म दिन रहा और उस दिन तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया था।