गूगल ने अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य को सुधारने के लिए एक अनोखा प्रयोग किया
- फोटो : Reuters
एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में कंपनियां भी मदद कर सकती हैं। इससे वह कर्मचारियो के खानपान पर होने वाले खर्च को भी काफी हद तक कम कर सकती हैं। इसके लिए कंपनी परिसर में पहले से ही मौजूदा खानपान की व्यवस्था में कुछ बदलाव करने होंगे। अमेरिका में हर साल कंपनियों को कर्मचारियों के बीमार पड़ने की वजह से 225 अरब डॉलर का नुकसान होता है। हाल ही में गूगल ने अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य को सुधारने के लिए एक अनोखा प्रयोग किया। उसने चार तरीके अपनाकर कर्मचारियों के स्वास्थ्य को सुधारने में मदद की। इसमें शामिल है :
स्थान: कंपनी परिसर में मुफ्त कॉफी और स्नैक्स रखने की जगह भी कर्मचारियों की आदतों में काफी बदलाव ला सकती हैं। गूगल परिसर में हुए प्रयोग में सामने आया कि कर्मचारियों के जितने नजदीक मुफ्त कॉफी और स्नैक्स की मशीन होगी, उतने ही ज्यादा वे इसका सेवन करेंगे। जबकि दूरी पर रखने के बाद कर्मचारी इसका कम ही इस्तेमाल करते हैं।
प्रोत्साहन: किसी अप्रिय लेकिन स्वास्थ्यवर्धक भोजन को सुंदर तस्वीरों और तरीकों से पेश किया जाए, तो लोग उसे पसंद करना शुरू करते हैं और वे इसे खाने के लिए प्रोत्साहित होते हैं। गूगल के एक कैफे में यह प्रयोग सफल रहा।
विकल्प: खाने के मौजूद विकल्प भी आदतों को बदलने में मददगार साबित होते हैं। गूगल कैंटीन में स्नैक्स जब तक खुले रखे गए थे, तब तक कर्मचारी इनका ज्यादा सेवन करते थे, लेकिन जैसे ही इन्हें छोटे-छोटे पैकेटों में डाल कर रखा गया, तो इनके सेवन में 58 फीसदी की कमी आई।
व्यवहार में बदलाव: गूगल ने व्यक्ति के व्यवहार में बदलाव के जरिये इस प्रयोग को किया। इसमें कर्मचारियों को खानपान की आदतों में बदलाव के लिए प्रेरित किया गया। उसे खाने की अच्छी आदतें अपनाने का लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया गया और इसका सकारात्मक परिणाम निकला।