पेंटागन के एक पूर्व अधिकारी ने अमेरिका से पाकिस्तान को आतंकवाद फैलाने वाले देश के रूप में नामित करने की अपील की है। अमेरिकन एंटरप्राइज इंस्टीट्यूट (एईआई) के रेजिडेंट स्कॉलर माइकल रुबिन ने कहा है कि समय आ गया है कि ट्रंप प्रशासन पाकिस्तान के साथ कतर और तुर्की को आतंक को प्रायोजित करने वाले देशों के रूप में चिन्हित करे।
माइकल रुबिन ने ‘द वाशिंगटन एग्जामिनर’ के संपादकीय पेज पर लिखा है कि वक्त आ गया है कि पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराया जाए। उन्होंने लेख में सुझाव दिया है कि यदि पाकिस्तान प्रतिबंधों से बचना चाहता है तो उसे आतंकियों को जेल में बंद करना चाहिए।
साथ ही साथ पाकिस्तान को आतंकियों की फंडिंग व सहयोग बंद करना चाहिए। बता दें कि साल 1979 से ही अमेरिकी विदेश मंत्रालय आतंक प्रयोजित करने वाले देशों की सूची जारी करता आया है।
ये भी पढ़ें- टेरर फंडिंग पर लगाम लगाने के लिए भारत की मदद करेगा EU
रुबीन ने कहा है कि ऐसे समय जब दुनिया आतंकी गतिविधियों से त्रस्त है तब अमेरिका को आतंक को प्रायोजित करने वाले देशों की सूची जारी करने की आवश्यकता है। सूची में इस बात से फर्क नहीं पड़ना चाहिए कि वह देश अमेरिका का सहयोगी है या नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे देशों के रूप में तुर्की, कतर और पाकिस्तान को शामिल किया जाना चाहिए।
आतंक प्रायोजित करने वाले देशों में शुमार हैं ईरान, सीरिया व सूडान
अमेरिकी विदेश मंत्री पूर्व में लीबिया, इराक, दक्षिणी यमन, सीरिया, क्यूबा, ईरान, सूडान और उत्तर कोरिया को आतंक प्रायोजित करने वाला देश घोषित किया था। हालांकि समय के साथ कई देशों को इस सूची से बाहर भी निकाला गया। फिलहाल इस सूची में तीन देश ईरान, सीरिया और सूडान शामिल हैं।