आईफोन अनलॉक कराने के लिए चुकाई बड़ी कीमत
- फोटो : Getty
अमेरिका के सैन बर्नार्डिनो में गोली मारकर छह लोगों की हत्या करने वाले पाकिस्तानी दम्पति के आईफोन का सिक्योरिटी फीचर खुलवाने के लिए एफबीआई को करीब साढ़े आठ करोड़ रुपए की कीमत चुकानी पड़ी है। इसका खुलासा एफबीआई डायरेक्टर जेम्स कोमी की बातों से हुआ है। उन्होंने इशारों ही इशारों में आईफोन की सिक्योरिटी ब्रेक करने में आई लागत का जिक्र कर दिया।
लंदन में आयोजित एक सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कोमी ने आईफोन को अनलॉक करने की सही सही कीमत तो नहीं बताई लेकिन उनके बयान से इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि यह रकम इतनी है कि जितनी मैं अपने सात साल और चार महीने लंबे कार्यकाल में कमाऊंगा। वाशिंगटन पोस्ट के मुताबिक फिलहाल कोमी की सालाना आय करीब एक करोड़ बीस लाख रुपए हैं। इसके हिसाब से वह तय समय में करीब साढ़े आठ करोड़ रुपए कमा लेंगे जो आईफोन को अनलॉक करने की कीमत भी है।