अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई के उप-निदेशक एंड्रू मैकेब ने इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति ट्रंप उन पर कई बार राजनीतिक रूप से पक्षपाती होने का आरोप लगा चुके हैं। सीबीएस की रिपोर्ट के मुताबिक मैकेब को पद छोड़ने के लिए मजबूर किया गया है। उन्हें मार्च में रिटायर होना था। एक सप्ताह पहले ही एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि ट्रंप उन्हें पद से हटाना चाहते हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति ने अपने ओवल ऑफ़िस में एक बैठक के दौरान मैकेब से पूछ लिया था कि उन्होंने किसे वोट दिया है। वहीं
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता सारा हकाबी सांडर्स ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि मैकेब के पद से हटने का फ़ैसले के पीछे व्हाइट हाउस नहीं है।
सांडर्स ने कहा, "राष्ट्रपति इस फैसले का हिस्सा नहीं है."।
क्यों अहम है ये इस्तीफ़ा
राष्ट्रपति ट्रंप के पूर्व एफबीआई निदेशक जेम्स कोमी को पद से हटा देने के बाद मैकेब कुछ समय के लिए एफ़बीआई के कार्यकारी निदेशक रहे हैं। कोमी 2016 राष्ट्रपति चुनावों में रूस के हस्तक्षेप की एफबीआई जांच का नेतृत्व कर रहे थे।
ट्रंप ने अंततः क्रिस्टोफर रे को एफबीआई का निदेशक नियुक्त किया था। सीनेट ने बीते साल अगस्त में इस नियुक्ति को मंजूरी दे दी थी। वॉशिंगटन के मीडिया संस्थान एक्सियोस ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा था कि अमेरिका के महाधिवक्ता जैफ सेसंस के मैककाबी को पद से हटाने का दबाव बनाने के बाद क्रिस्टोफ़र रे ने निदेशक पद छोड़ने की धमकी दे दी थी।
न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने मैकेब को दूसरे पद पर स्थानांतरित करने में रुचि दिखाई थी जो कि उनकी पदावनति होती। सीबीएस की रिपोर्ट के मुताबिक 49 वर्षीय मैकेब 2018 में पेंशन के लिए योग्य होने के बाद अपना पद छोड़ने के बारे में सोच रहे थे और इस समय वो छुट्टी पर चले गए हैं।
ट्रंप ने क्यों की मैकेब की आलोचना
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मैकेब की आलोचना की थी क्योंकि उनकी पत्नी जिल मैककाबे ने वर्जिनिया प्रांत से सीनेट पद के लिए नाकाम उम्मीदवारी की थी। उनके चुनाव अभियान ने हिलेरी क्लिंटन से संबंधित एक फंडिंग समिति से पांच लाख डॉलर की मदद हासिल की थी। हिलेरी क्लिंटन ट्रंप के खिलाफ़ 2016 चुनावों में डेमोक्रेट उम्मीदवार थीं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्वीट करके मैकेब पर हिलेरी क्लिंटन से अपनी पत्नी के लिए चंदा लेने के आरोप लगाए थे। द वॉशिंगटन पोस्ट ने बीते सप्ताह एक रिपोर्ट में कहा था कि मैकेब ओवल ऑफ़िस में राष्ट्रपति के साथ बैठक के दौरान पूछे गए एक सवाल को लेकर परेशान थे।
रिपोर्टों के मुताबिक ट्रंप ने मैकेब से पूछ लिया था कि चुनावों में उन्होंने किसके लिए मतदान किया है। मैकेब ने राष्ट्रपति को बताया था कि उन्होंने मतदान ही नहीं किया है।