फेसबुक कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग अपनी व्यस्त ऑफिस लाइफ से दो माह की छुट्टी ले रहे हैं। दरअसल वह जल्द ही पिता बनने वाले हैं।
अपने घर आ रही नन्हीं परी के स्वागत और देखभाल के लिए वह दो माह का पितृत्व अवकाश लेंगे। इसकी जानकारी जुकरबर्ग ने खुद शुक्रवार को फेसबुक पोस्ट के जरिए दी। दुनिया के शीर्ष युवा अरबपतियों में शुमार जुकरबर्ग का यह फैसला बताता है कि तमाम व्यस्तताओं के बावजूद परिवार उनके जीवन में बड़ी अहमियत रखता है।
फेसबुक पेज पर एक स्ट्रोलर, एक येलो बेबी करियर और अपने डॉग की फोटो पोस्ट करते हुए जुकरबर्ग ने लिखा कि यह बहुत ही निजी निर्णय है। कामकाजी अभिभावकों को अपने नवजात बच्चों के साथ समय व्यतीत करना चाहिए क्योंकि एक अध्ययन में यह बात पता चली है कि यह बच्चों और परिवार दोनों के लिए बेहतर होता है।
इस साल जुलाई माह में उन्होंने घोषणा की थी कि वह और उनकी पत्नी अपने पहले बच्चे के रूप में बेटी की उम्मीद कर रहे हैं। 31 वर्षीय जुकरबर्ग ने हालांकि यह नहीं बताया कि उनकी अनुपस्थिति में कंपनी का नेतृत्व कौन करेगा। इस बारे में फेसबुक की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
माना जा रहा है कि चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर शेरिल सैंडबर्ग यह जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। जुकरबर्ग की पोस्ट पर एक घंटे के अंदर ही 50 हजार से अधिक लाइक्स और करीब 3 हजार कमेंट आए।
कई लोगों ने उनके फैसले की सराहना की और कहा कि इससे अमेरिकी अभिभावक छुट्टी नीति को लेकर सकारात्मक संदेश जाएगा। सैंडबर्ग ने जुकरबर्ग और उनकी पत्नी को बधाई दी है।