अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरियाई राष्ट्रपति किम जोंग उन के बीच वार्ता के पीछे अमेरिकी फाइनांसर गैबरिएल शुल्ज के कारोबारी हित का खुलासा हुआ है। उन्होंने इसके लिए ट्रंप के दामाद को जरिया बनाया। गैबरिएल ट्रंप प्रशासन के पास एक अनूठा प्रस्ताव लेकर गए। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया की सरकार ट्रंप के दामाद व राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार जार्ड कुशनर से बात करना चाहती है।
फाइनांसर ने बताया कि उत्तर कोरिया के शीर्ष अधिकारी राष्ट्रपति ट्रंप और किम के बीच वार्ता के लिए बैक चैनल संभावना की तलाश कर रहे थे। मालूम हो कि किम कई महीनों तक युद्ध की धमकी देते रहे थे। शुल्ज सिंगापुर में रहते हैं और अलग-थलग पड़े उत्तर कोरिया में कारोबार के अवसर की तलाश में कई बार वहां गए और अपना संपर्क बनाया। वहीं उन्हें किसी ने बताया कि कुशनर इस काम के लिए सबसे प्रबल संपर्क सूत्र हो सकते हैं, क्योंकि वह राष्ट्रपति ट्रंप के परिवार के सदस्य हैं।
इन बैठकों के बारे में मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों ने अपने साक्षात्कारों में जासूसों, कारोबारियों और कुशनर की भूमिका के बारे में बताया। इवांका ट्रंप के 37 वर्षीय पति कुशनर तक पहुंचने के लिए उत्तर कोरियाई अधिकारियों ने चीन के उदाहरण का अनुसरण किया। इसके तहत वह ऐसे व्यक्ति की तलाश कर रहे थे, जिनकी ट्रंप तक सीधी पहुंच हो और वह विदेश विभाग के अधिकारियों को बाईपास कर सके।
शुल्ज राष्ट्रपति ट्रंप के पारिवारिक सदस्यों से बहुत साल पहले तब मिले थे, जब वे लोग एशिया में कारोबार की संभावना तलाश रहे थे। बताया जाता है कि ट्रंप और किम की शिखर वार्ता के लिए अथक प्रयास करने वाले मून जे-इन भी थे, जिन्हें दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से कम महत्वपूर्ण नहीं माना जाता है।