अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निशाने पर अब मीडिया आ गई है। एक ट्वीट में अपने देश की मीडिया पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने उसे अमेरिकी जनता की दुश्मन बता दिया।
मीडिया को लेकर अक्सर नाराज रहने वाले ट्रंप ने यह ट्वीट राष्ट्रपति बनने के बाद फ्लोरिडा में अपने तीसरे वीकेंड वेकेशन के दौरान दिया। इस दौरान ट्रंप मीडिया पर जमकर बरसे।
बता दें कि मीडिया को लेकर ट्रंप का रवैया शुरू से ही नाराजगी वाला रहा है। राष्ट्रपति चुनाव के दौरान तो अपनी यह नाराजगी उन्होंने खुलकर जाहिर की थी। कई बार उन्होंने देश की मीडिया पर बिके होने और अपने खिलाफ गलत मुहिम चलाने का आरोप भी लगाया था।
राष्ट्रपति चुने जाने के बाद भी उनकी यह नाराजगी जारी है। द फेक न्यूज मीडिया नाम से किए गए ट्वीट में उन्होंने अपने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों न्यूयार्क टाइम्स, एनबीसी न्यूज, एबीसी, सीबीएस और सीएनएन पर भड़ास निकाली।
पहले भी मीडिया पर बिके होने का आरोप लगाते रहे हैं ट्रंप
इन प्रमुख मीडिया संस्थानों का नाम ट्वीट में लेते हुए ट्रंप ने कहा कि ये मेरे दुश्मन नहीं, अमेरिकी जनता के दुश्मन हैं। ट्रंप की यह भड़ास यहीं पूरी नहीं हुई, दो घंटे बाद फिर एक अन्य ट्वीट में उन्होंने मीडिया को लपेटे में ले लिया।
अपने एक प्रेस कान्फ्रेंस का जिक्र करते हुए ट्रंप ने बताया कि कैसे एक व्यक्ति ने उसकी तारीफ करते हुए कहा था कि "मैने इतनी प्रभावी प्रेस कान्फ्रेंस कभी नहीं देखी है..... इस बात से कई सहमत भी होंगे। जबकि फर्जी मीडिया ने उसे अलग तरह से प्रदर्शित किया। बेईमान।"
इससे पहले भी ट्रंप देश की मीडिया को कई बार निशाने पर रख चुके हैं। ऐसा लगता है जैसे वो मीडिया को गंभीरता से लेने के ही इच्छुक नहीं हैं। हालांकि ट्रंप के इस रवैये की मीडिया सहित कई वर्ग आलोचना कर चुके हैं लेकिन उन्हें शायद ही इस बात से कोई फर्क पड़ता हो।
हाल ही में लिए गए उनके कई फैसलों का मीडिया सहित अन्य संस्थानो ने भी विरोध किया लेकिन इससे बेपरवाह ट्रंप अपने काम में लगे हुए हैं। ऐसा नहीं है कि ट्रंप की नाराजगी सिर्फ अपने देश की मीडिया से है, बल्कि वह दुनियाभर के मीडिया संस्थानों को लेकर समय समय पर अपनी भड़ास निकालते रहते हैं।
कई बार अपने बयानों में वह मीडिया पर बिके होने और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगा चुके हैं।
The FAKE NEWS media (failing @nytimes, @NBCNews, @ABC, @CBS, @CNN) is not my enemy, it is the enemy of the American People!
— Donald J. Trump (@realDonaldTrump) February 17, 2017