चीनी मिसाइल ने बढ़ाई अमेरिका की चिंता
चीन की नई ‘गुआम किलर’ यानी डीएफ-26 मध्यम दूरी बैलेस्टिक मिसाइल से प्रशांत रिम में अमेरिकी सैन्य ठिकानों के लिए खतरा बढ़ गया है। लिहाजा चीन से अमेरिका को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। यह मिसाइल करीब 5,500 किमी दूर तक के लक्ष्य को भेदने में सक्षम है। अमेरिकी कांग्रेस (संसद) ने चीन के बढ़ते खतरे के मद्देनजर यह चेतावनी दी है। कांग्रेस के एक पैनल ने इस संबंध में एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें डीएफ-26 मिसाइल को लेकर अमेरिका को सतर्क किया गया है।
दरअसल, हाल ही में विवादित दक्षिण चीन सागर के समीप से अमेरिकी नौ सेना के विध्वंसक जलपोत के गुजरने के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। यूएस-चाइना इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन ने कहा कि चीन की डीएफ-26 मिसाइल की जद में अमेरिका का गुआन क्षेत्र भी है, जो बीजिंग से 4,023 किमी की दूरी पर है। इसके चलते विशेषज्ञ ने डीएफ-26 को ‘गुआम किलर’ नाम दिया है।
इसके अलावा पिछले साल सितंबर में चीन ने बीजिंग में हाई प्रोफाइल सैन्य परेड का भी आयोजन किया था। आयोग के हवाले से सीएनएन ने बताया कि डीएफ-26 मिसाइल से चीन गुआम तक अपनी पहुंच बना चुका है। इसके अलावा चीन की ओर से अपनी मारक क्षमता को लगातार बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता से भी भविष्य में खतरा बढ़ने की संभावना है।