सीरिया के अलेप्पो शहर में कार्रवाई तेज होने पर ब्रिटेन, फ्रांस और अमेरिका ने सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाने की मांग की है। शनिवार को सीरिया के अलेप्पो शहर में हुए घातक हवाई हमले में कई इमारतों के ढह जाने के साथ 45 नागरिकों की मौत हो गई थी।
यह हमला सीरियाई सेना द्वारा विद्रोही कब्जे वाले पूर्वी शहर को वापस लेने की घोषणा के दो दिन बाद हुआ। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा था कि वह अलेप्पो में लड़ाई बढ़ने से दुखी हैं। उन्होंने युद्धक्षेत्र में तब्दील हो चुके शहर में अत्याधुनिक हथियारों के प्रयोग पर चेतावनी देते हुए कहा था कि इससे ज्यादा आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल युद्ध अपराध के समान माना जाएगा।
बान ने दो दिन पहले सीरियाई सेना द्वारा शहर पर फिर से कब्जे के लिए आधुनिक हथियारों, बंकर नष्ट करने वाले बम और लड़ाई के अन्य शक्तिशाली हथियार इस्तेमाल करने की खबरों का उल्लेख किया था।गौरतलब है कि अमेरिका और रूस के बीच एक सप्ताह का युद्ध विराम सोमवार को समाप्त हो गया। इसके साथ ही संघर्ष विराम को फिर से लागू करने के प्रयास भी विफल हो गए।