लॉस वेगास से लंदन की उड़ान की तैयारी कर रहे ब्रिटिश एयरवेज के विमान के इंजन में बुधवार सुबह आग लग गई है, लेकिन इसे कुदरत का करिश्मा ही कहेंगे कि इसमें सवार सभी 172 लोग बाल -बाल बच गए।
हवाईअड्डे के अधिकारियों के मुताबिक लॉस वेगास से 257 सीटों वाला यह 777 बोइंग विमान भारतीय समय के मुताबिक सुबह साढ़े चार बजे जब लंदन के गैटविक हवाईअड्डे के लिए रवाना होने वाला था तो रनवे पर ही उसके बाएं इंजन में आग लग गई। इस विमान में 159 यात्री और चालक दल के 13 सदस्य सवार थे।
देखते ही देखते विमान के पंखों से धुएं की लपटें उठने लगीं। यात्रियों को तुरंत विमान से निकाला गया। आग बुझाने वाली करीब 50 गाड़ियों ने कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया।
लॉस वेगास के मैकारेन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर अधिकारियों ने बताया कि उड़ान संख्या संख्या 2276 पर सवार 14 लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।