अमेरिकी राज्य लुसियाना के गवर्नर बॉबी जिंदल ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। भारतीय मूल के अमेरिकी जिंदल ने न्यू आरलिएंस में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी पाने के लिए मैदान में उतरने का एलान किया।
रिपब्लिकन बॉबी जिंदल ने कहा, "मैं वॉशिंगटन में मुख्यालय से आज्ञा लिए बगैर राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए चुनाव लड़ रहा हूं। "पहली बार किसी भारतीय मूल के अमेरिकी ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए चुनाव मैदान में औपचारिक तौर पर गंभीरता से लड़ने की घोषणा की है।
अगले साल नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए अब तक रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से 13 प्रत्याशी मैदान में आ चुके हैं। अमेरिका में दो मुख्य पार्टियों डेमोक्रेटिक पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से आधिकारिक तौर पर उम्मीदवारी पाने की प्रक्रिया ख़ासी लंबी और जटिल है।