भारतीय जनता पार्टी के महासचिव राम माधव ने कहा है कि बीजेपी की सरकार 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने ये बातें गुरुनानक फाउंडेशन ऑफ अमेरिका में आयोजित एक कार्यक्रम में सिख समुदाय के एक समूह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने यह तय किया है कि 1984 में सिख समुदाय को पीड़ित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। माधव ने कहा, दशकों से सिख परिवार वालों ने मुश्किलें झेली हैं और हम उन्हें आश्वस्त करना चाहते हैं कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी। उन्हें इतने साल बाद न्याय न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।
राजग सरकार ने सिखों के खिलाफ साजिश रचकर उन्हें नुकसान पहुंचाने वालों को दंडित करने का फैसला किया है। उल्लेखनीय है कि जस्टिस ढींगरा आयोग 1984 के सिख समुदाय के खिलाफ हुए 186 गंभीर मामलों की जांच कर रहा है। माधव ने आगे कहा कि इस मामले में कई लोगों के खिलाफ फिर से एफआईआर रजिस्टर किया गया है। भाजपा महासचिव ने कहा कि एफआईआर उन नेताओं के खिलाफ भी जारी किया गया है जो इस पूरे मामले में आगे थे और जिनके खिलाफ पिछली सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है।