टू प्लस टू वार्ता से पहले भारत और अमेरिका महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों के आयाम तैयार करने के लिए सैन्य और कूटनीतिक दोनों स्तर पर साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इस वार्ता में भारत की तरफ से सुषमा स्वराज और निर्मला सीतारमण जबकि अमेरिका की तरफ से विदेश मंत्री माइक पोम्पियो व रक्षा मंत्री जेम्स मेटिस भाग लेंगे।
दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिका की प्रमुख उप सहायक मंत्री एलिस वेल्स ने संसदीय समिति को बताया कि सितंबर में नई दिल्ली में होने वाली विदेश और रक्षा
मंत्रियों की टू प्लस टू वार्ता को लेकर अमेरिका बेहद उत्साहित है। वेल्स ने आशा जताई कि वार्ता के कारण दोनों देशों के परस्पर रिश्तों में ठोस प्रगति होगी। भारतवंशी सांसद एमी बेरा द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में वेल्स ने कहा, हम छह सितंबर को दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों के बीच होने वाली वार्ता का इंतजार कर रहे हैं।
वेल्स ने कहा कि हमें विदेश मंत्री माइक पोम्पियो और रक्षा मंत्री जेम्स मेटिस द्वारा वहां इस अहम रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतीक्षा है। उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री के हवाले से कहा कि अमेरिका इस सबसे अहम रिश्ते के आयाम तय करने के लिए कूटनीतिक और सैन्य दोनों मोर्चों पर साथ मिलकर काम कर रहा है। बता दें कि कई बार तारीखें टलने के बाद अंतत: दोनों देश नई दिल्ली में टू प्लस टू वार्ता के लिए सहमत हुए हैं।