अमेरिका के एक पूर्व प्रशासनिक अधिकारी ने सोमवार को इस बात का खुलासा किया कि उन्होंने जनवरी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के व्हाइट हाउस को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल फ्लिन के बारे में चेतावनी दी थी लेकिन फिर भी उन्हें सुरक्षा सलाहकार बनाया गया।
अमेरिका की पूर्व अटॉर्नी जनरल सैली येट्स ने 26 जनवरी को व्हाइट हाउस के वकील डॉन मैक्गान को बताया था कि फ्लिन वाशिंगटन में रूस के राजदूत के साथ अपने संपर्कों के बारे में सच नहीं बता रहे हैं।
इस बाबत वाइट हाउस के प्रवक्ता शॉन स्पाइसर ने बताया कि ये सच है कि 10 नवंबर को ओबामा ने ट्रंप से यह बात कही थी की फ्लिन उनके प्रशंसक नहीं हैं। उन्होंने फ्लिन की नियुक्ति के बारे में ट्रंप को चेताया था।
येट्स को ओबामा के प्रशासन में नियुक्त किया गया था। उन्होंने बताया कि उन्हें डर था मास्को फ्लिन को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर सकता है क्योंकि वो यह भी जानता था कि वह मॉस्को पर अमेरिकी प्रतिबंधों के बारे में राजदूत सर्गेई किसल्याक के साथ बातचीत के बारे में सच नहीं बता रहे।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लिन को अपना सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किया था। लेकिन बाद में पता चला कि उनके संबंध रूस के अधिकारियों के साथ हैं। इस बात का पता चलने के बाद उन्हें सलाहकार के पद से हटा दिया गया था। हाउस ऑफ सीनेट इंटेलिजेंस कमिटी फ्लिन और रूसी अधिकारियों के बीच के संबंधों की जांच कर रही है।