एशिया प्रशांत क्षेत्र में भारत पहले से ही बेहद प्रभावशाली और बड़ा खिलाड़ी है। वह भविष्य में एशिया प्रशांत क्षेत्र में और बड़ी भूमिका निभाने जा रहा है। अमेरिकी रक्षामंत्री एश्टन कार्टर ने अपने तीन दिवसीय भारत दौरे की पूर्व संध्या पर यह बात कही। रविवार से शुरू हो रहे उनके दौरे के समय भारत और अमेरिका के बीच सामरिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए कई नई परियोजनाओं पर चर्चा होगी। कार्टर ने कहा कि हिंद महासागर से लेकर पूरे एशिया प्रशांत क्षेत्र में भारत पहले से ही बड़ा खिलाड़ी है।
कार्टर का दौरा पिछले दो सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से लिए गए कुछ अहम फैसलों को लागू कराने वाला कदम होगा। हालांकि कार्टर ने भारत दौरे के समय लिए जाने वाले फैसलों पर चुप्पी साध रखी है। एशिया प्रशांत पर भाषण देने काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशन्स पहुंचे कार्टर ने कहा कि भारत दौरे के समय नई परियोजनाओं पर चर्चा होगी।
हालांकि उन्होंने इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी। कार्टर ने ओबामा प्रशासन के ‘एशिया पैसिफिक रिबैलेंस’ और मोदी सरकार के ‘एक्ट ईस्ट एशिया’ को दुनिया के दो बड़े लोकतंत्र के बीच सामरिक कदम करार दिया।