सरकारी दौरों के लिए महंगे निजी विमानों में सफर करने वाले अमेरिकी स्वास्थ्य मंत्री टॉम प्राइस ने इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले टॉम प्राइस ने मई से अब तक 26 निजी विमानों में यात्रा के लिए चार लाख डॉलर खर्च करने के लिए करदाताओं से माफी मांगी।
अमेरिका में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े दौरों के लिए यात्रा कर रहे सरकारी अधिकारियों के अलावा बाकी सभी सरकारी दौरों के लिए व्यावसायिक उड़ानों में ही यात्रा करने का नियम है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के कैबिनेट के तीन सदस्य निजी विमानों से यात्रा करने को लेकर सवाल के घेरे में हैं।
पढ़ें: पहले एशियाई दौरे में भारत नहीं चीन जाएंगे डोनाल्ड ट्रंप
व्हाइट हाउस के बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने टॉम प्राइस का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और उनकी जगह डॉन जे राइट को कार्यकारी स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। 'पॉलिटिको' नाम की एक वेबसाइट की पड़ताल में पता चला है कि टॉम प्राइस की यात्राओं पर दस लाख डॉलर से ज्यादा खर्च हो चुका है।
'पॉलिटिको' के मुताबिक इसमें चार लाख डॉलर निजी विमानों में यात्रा के लिए खर्च किए गए। इसमें सैन्य विमानों से किए गए दौरे भी शामिल हैं।