अमेरिका में नस्लभेद का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, सिख उबेर ड्रॉइवर पर एक यात्री ने कथित तौर पर बंदूक तान दी और कहा कि ‘मैं पगड़ीधारी लोगों से नफरत करता हूं।’
इतना ही नहीं आरोपी व्यक्ति ने
उबर ड्राइवर गुरजीत सिंह से उसकी राष्ट्रीयता और अमेरिका के प्रति उसकी निष्ठा के बारे में भी नस्लीय सवाल पूछे। इलिनोइस पुलिस कार्यालय गुरजीत सिंह द्वारा बीते 29 जनवरी को दर्ज कराई गई रिपोर्ट पर मामले की जांच कर रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक,
सिख संघ एडवोकेसी आर्गनाइजेशन ने बताया कि यात्री ने ड्राइवर पर बंदूक तान दी और कहा कि मैं पगड़ी पहनने वाले और दाढ़ी रखने वाले लोगों से नफरत करता हूं। रॉक आईलैंड काउंटी के पुलिस प्रमुख गेरी बस्टोस ने बताया कि जांचकर्ताओं ने पीड़ित ड्राइवर का बयान दर्ज कर लिया है। आरोपी यात्री की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
बस्टोस के मुताबिक, ड्राइवर गुरजीत सिंह ने मोलिन और इलिनोइस से दो यात्रियों को उठाया और उन्हें उनके गंतव्य की ओर लेकर चल दिए। सिख संगठन ने बताया कि इस दौरान पुरुष यात्री ने ड्राइवर से कई सवाल किए। उसने गुरजीत से पूछा कि आपकी स्थिति यहां क्या है? आप किस देश से हैं? आप अपने देश की सेवा करते हैं या हमारे देश की?
अमेरिका के वैध नागरिक, गुरजीत जो धाराप्रवाह अंग्रेजी नहीं बोल पाते हैं, उन्होंने जवाब दिया कि वह अमेरिका और भारत दोनों की सेवा करते हैं। इस पर उस यात्री ने गुरजीत पर बंदूक तानते हुए नस्लीय टिप्पणी की।