रियलिटी टीवी स्टार कैली जेनर ने एक ऐसा ट्वीट किया कि
सोशल मीडिया मैसेजिंग और मल्टीमीडिया ऐप स्नैपचेट को 1.3 अरब डॉलर यानी करीब 8445 करोड़ रुपये की चपत लग गई। दरअसल, कैली के एक ट्वीट के बाद स्नैपचेट के शेयर बुरी तरह टूट गया और पलक झपकते ही कंपनी की मार्केट वैल्यू 130 करोड़ डॉलर घट गई।
सैलेब्रेटी किम कारदशियां की सौतेली बहन कैली ने ट्वीट किया, "क्या किसी और ने भी स्नैपचेट को खोलना बंद कर दिया है? या फिर ये सिर्फ मैं ही ऐसा कर रही हूं...ओह ये बहुत दुखद है।" स्नैपचेट पर कैली के करीब दो करोड़ 45 लाख फॉलोअर्स हैं और करोड़ों लोग स्नैपचेट का इस्तेमाल कर रहे हैं। हाल ही में कंपनी ने इसका डिज़ाइन बदला है, लेकिन बड़ी तादाद में लोगों को डिजाइन में ये बदलाव पसंद नहीं आ रहे हैं और हाल ही में दस लाख लोगों ने इन बदलावों को वापस लेने की मांग करते हुए याचिका दाखिल की है।