अमेरिकी विदेश मंत्रालय की वरिष्ठ अधिकारी हीथर नोर्ट ने भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बेहद मजबूत रिश्ते हैं।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीथर नोर्ट ने संवाददाताओं से कहा, ‘मुझे मालूम है कि ट्रंप की बेटी (इवांका) को पिछले साल हैदराबाद जाकर यकीनन बहुत अच्छा लगा। ये संबंध महत्वपूर्ण हैं और इनकी महत्ता बढ़ती जा रही है।’ हीथर ने अफगानिस्तान में भारत की प्रगतिशील भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दुनिया के उन देशों के लिए साथ-साथ आने का एक बेहतरीन उदाहरण है जो पुराने समय में साथ-साथ काम नहीं कर पाए हों। नोर्ट ने कहा, यहां तक कि सऊदी अरब इराक में मदद कर रहा है।
संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की प्रतिनिधि निक्की हेली ने भी इस माह के शुरूआत में प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिकी संबंधों में असीम संभावनाएं हैं। हेली ने आर्थिक और प्रशासनिक सुधार करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के आक्रामक रुख की भी प्रशंसा की थी।