अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को शहर में कांटेदार मुकाबले के बाद पहली बार किसी अश्वेत महिला को मेयर चुना गया है। लंदन ब्रीड ने अपने साधारण पालन पोषण और शहर में श्वेत तथा हिस्पैनिक लोगों के आवासीय संकट से निपटने के संकल्प के साथ चुनाव प्रचार अभियान चलाया था। अफ्रीकी मूल की अमेरिकी नागरिक लंदन ब्रीड ने 50 फीसदी से ज्यादा मतों से चुनाव जीता है।
43 वर्षीय ब्रीड अमेरिका के 15 सर्वाधिक बड़े शहरों में इकलौती महिला मेयर हैं। अपनी जीत पर उन्होंने कहा कि यह मायने नहीं रखता कि आप कहां से आते हो, जिंदगी में क्या करने का फैसला करते हो, आप जो करना चाहते हो, वह कर सकते हो। ब्रीड ने कहा कि कभी अपनी परिस्थितियों को अपनी जिंदगी के नतीजे का निर्धारण मत करने दो।
ब्रीड के खिलाफ चुनावी मैदान में मार्क लेनो थे जो अगर जीत जाते तो सैन फ्रांसिस्को के पहले समलैंगिक मेयर होते। लेनो ने कहा कि ब्रीड असाधारण युवा महिला हैं। वह अच्छा काम करने जा रही हैं और हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। उनकी सफलता सैन फ्रांसिस्को की सफलता है।