अमेरिका ने रूस में होने वाले शीतकालीन ओलंपिक खेलों के लिए वहाँ उड़ान भर रही विमानन कंपनियों को 'टूथपेस्ट बम' से सावधान रहने के लिए कहा है।
अमेरिका के आंतरिक सुरक्षा विभाग ने अमेरिकी मीडिया से कहा कि टूथपेस्ट में विस्फोटक छिपाकर विमानों से उनकी तस्करी की जा सकती है। उसका कहना है कि इस चेतावनी का सीधा प्रभाव रूस में पड़ेगा जो सोची में शीतकालीन ओलंपिक खेलों की तैयारी कर रहा है।
सुरक्षा विभाग का कहना है कि उसे इस समय अमेरिका में किसी ख़ास तरह के खतरे की जानकारी नहीं है। यह इस क्षेत्र को लेकर जारी की गई सबसे ताज़ा सुरक्षा चेतावनी है, इसके बाद से पूरे इलाक़े की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
आंतरिक सुरक्षा विभाग ने एक बयान में बीबीसी से कहा, ''हम अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों से सूचनाओं को नियमित रूप से साझा करते हैं, इनमें वो सूचनाएं भी शामिल हैं, जो सोची ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से जुड़ी हैं।''
सात से 13 फ़रवरी के बीच आयोजित होने वाले सोची शीतकालीन ओलंपिक खेलों के दौरान किसी भी तरह के ख़तरे से निपटने के लिए अमेरिका ने काला सागर में अपने दो युद्धपोत तैनात कर रखे हैं।
पिछले साल दिसंबर में वोल्गोग्राद में हुए दो आत्मघाती हमलों और कॉकेशस इलाक़े के इस्लामिक चरमपंथियों की कई धमकियों की वजह से सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं।