अमेरिकी निगरानी समूहों ने अफगानिस्तान में बाल शोषण मामलों की रिपोर्ट यूएस कांग्रेस में सौंपी। इस रिपोर्ट में अफगान सुरक्षा बलों पर लगे बाल यौन शोषण के आरोपों की जानकारी है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका इन सुरक्षाबलों को किस हद तक जिम्मेदार ठहराता है।
वहीं स्पेशल इंस्पेक्टर जनरल फॉर अफगानिस्तान रिकंस्ट्रक्शन के कार्यालय के मुताबिक अफगान अधिकारी यौन शोषण रोकने में असमर्थ हैं। यौन शोषण का प्रमुख आधार अफगानिस्तान की बच्चा बाजी प्रथा है जिसमें लड़कों का यौन शोषण किया जाता है। इसके साथ ही सवाल यह उठता है कि क्या अमेरिका इस पर आंखे मूंदे रखता है?
एसआईजीएआर ने तिमासिक प्रकाशन में कांग्रेस को दी जाने वाली रिपोर्ट की रूपरेखा का वर्णन करते हुए कहा कि बच्चों का यौन शोषण करने और उनकी भर्ती के मामले में अफगान अधिकारियों की संलिप्तता रहती है। उन्होंने कहा कि अफगान सरकार पीड़ितों की पहचान करने और उनकी मदद करने में असमर्थ साबित हुई है। कुछ मामलों में, अफगान सरकार ने मानव तस्करी के पीड़ितों को ही अपराधी बनाकर उन्हें गिरफ्तार कर उन पर मुकदमा चलाया।
एसआईजीएआर ने यह भी कहा कि पीड़ितों को सुरक्षा प्रदान करने के प्रयास अपर्याप्त रहे हैं। मानव तस्करी के पीड़ितों के लिए बने सरकारी आश्रयस्थलों में से एक आश्रय स्थल को छोड़कर बाकी सभी रिपोर्ट तैयार करने के दौरान बंद रहे। पेंटागन और अफगान सरकार दोनों ने ही इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।