अमेरिका में कोरोना रोधी टीकाकरण ट्रंप के समय से बड़ा मुद्दा बना हुआ है। अब राष्ट्रपति बाइडन के लिए भी यह मुसीबत बन सकता है। बाइडन ने चार मई को घोषणा की थी कि देश की 70 फीसदी आबादी को स्वतंत्रता दिवस '4 जुलाई' तक खुराक दे दी जाएगी। उनका यह लक्ष्य पाना अब मुश्किल नजर आ रहा है।
बाइडन ने चार मई को की गई उक्त घोषणा के साथ अमेरिकी नागरिकों से कहा था कि हमें शंका करने वालों और आलस करने वालों से पार पाना होगा। यह जीवन और मौत का सवाल है। यह लक्ष्य हमने चुना है। 70 फीसदी लोगों के टीकाकरण के लक्ष्य को लेकर उन्होंने कहा था कि यह हमने तय किया है और इसे पाना है। हम इसे 100 फीसदी भी कर सकते थे, लेकिन हमने व्यावहारिक रूप से सोचते हुए यह तय किया।
अधिकारियों को यकीन नहीं
अब चूंकि चार जुलाई की तारीख करीब आ रही है तो व्हाइट हाउस के अधिकारियों को यह लक्ष्य पाना मुश्किल नजर आ रहा है। इस हफ्ते अधिकारियों ने कहा कि बाइडन 70 फीसदी टीकाकरण का लक्ष्य नहीं पा सकेंगे। इसे देखते हुए अब 16.5 करोड़ वयस्कों को पूरी तरह टीका युक्त करने पर जोर दिया जा रहा है। अमेरिका की कुल आबादी 33 करोड़ से अधिक है।
बहरहाल, व्हाइट हाउस का कहना है कि वह अपने टीकाकरण प्रयासों में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। बिडेन गुरुवार को उत्तरी कैरोलिना में होंगे और अमेरिकियों से छुट्टी से पहले टीकाकरण दर को बढ़ाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान के लिए लोगों को प्रोत्साहित करेंगे। बाइडन अमेरिकियों से आग्रह करेंगे कि वे इसे कामयाब बनाने के लिए बाह चढ़ाएं।
लक्ष्य पाने में यह रही कमियां
टीकाकरण अभियान से जुड़े आधा दर्जन अधिकारियों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर वे कमियां बताईं जिनसे बाइडन का लक्ष्य नहीं पाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान में शुरुआती सफलता के बाद सुस्ती आ गई। छोटा व सुरक्षित लक्ष्य तय करने की बजाए बड़ा लक्ष्य रखा गया। कुछ अमेरिकियों में टीके पाने को लेकर अनुशासन व सहयोग की कमी रही, जिससे अव्यवस्था फैली।