अमेरिका में जादू-टोना अब सिर्फ रहस्यमयी दुनिया तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर खुलेआम बिक रहा है। प्यार के टोटकों से लेकर श्राप तक ऑनलाइन खरीदे जा रहे हैं और इसके लिए बड़ी संख्या में लोग आकर्षित हो रहे हैं। आखिर अमेरिका में सदियों पुराना जादू-टोना फिर से इतना लोकप्रिय कैसे हो गया? पढ़िए रिपोर्ट
घर का मुख्य दरवाजा बैंगनी रंग का होना..बगीचे में धूप में चमकती नीली कांच की खाली बोतलें...और रोज सुबह सबसे पहले बांग देने वाला पड़ोसी का मुर्गा...। अमेरिका के उपनगरीय मोहल्लों में पहली नजर में यह सजावट या शौक लग सकता है, लेकिन गुप्त प्रतीकों की दुनिया में यह संकेत देता है कि आपके पड़ोस में एक 'डायन' रहती है।
विज्ञापन
नीली बोतलें बुरी आत्माओं को कैद करने का टोटका हैं और सुबह की बांग सुरक्षा का तावीज। जो रहस्यमयी विद्या और प्रतीक कभी सदियों तक गुप्त रखे जाते थे, इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में आज वे हर किसी के स्मार्टफोन पर बिक रहे हैं। हॉलीवुड अभिनेत्री ऐनी हैथवे का पूर्णिमा की रात पानी को 'चार्ज' करने का खुलासा हो या फिर सैंड्रा बुलॉक और निकोल किडमैन की नई फिल्म 'प्रैक्टिकल मैजिक 2', अमेरिकी पॉप-कल्चर में जादू-टोना फिर से मुख्यधारा का हिस्सा बन चुका है। टिकटॉक पर विच टॉक हैशटैग को अरबों व्यूज मिल रहे हैं, जहां प्यार पाने के टोटके से लेकर किसी का बुरा करने के 'श्राप' तक भारी छूट (डिस्काउंट सेल) पर बेचे जा रहे हैं।
कॉरपोरेट जॉब छोड़ बनीं विच इंफ्लूएंसर
अमेरिका में जादू की यह वापसी केवल आस्था या मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सनसनीखेज आपराधिक मुकदमों, राजनीतिक हिंसा की बहसों में एक बार फिर कटघरे में खड़ी हो गई है। कॉर्पोरेट जॉब छोड़कर बनीं 'इंस्टेंट विच', सोशल मीडिया पर 10 लाख फॉलोअर्स मैरीलैंड के शांत उपनगर में 31 वर्षीय मेगन आर्चर का घर किसी लोककथा की अंधेरी झोपड़ी जैसा नहीं, बल्कि रोशनी और अगरबत्ती की खुशबू से भरा एक खूबसूरत आशियाना है। अपने कंधे पर पालतू चूहे 'फर्गस' को बिठाए आर्चर बताती हैं कि महामारी के दौरान उन्होंने इंटरनेट से जादू-टोना सीखा और कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर फुल-टाइम 'विच इन्फ्लुएंसर' बन गईं।
गोलकीपर को श्राप दिया तो टीम जीत गई
अमेरिका में तनाव, राजनीतिक उथल-पुथल और अनिश्चितता के दौर में लोग खुद को ताकतवर महसूस करने के लिए इन टोटकों का सहारा ले रहे हैं। इसका एक दिलचस्प उदाहरण 2026 के स्टेनली कप फाइनल में देखने को मिला। कैरोलिना हरिकेन्स की फैन मारिसा ली नहीं चाहती थीं कि विरोधी टीम वेगास गोल्डन नाइट्स का गोलकीपर कार्टर हार्ट कप जीते। उन्होंने ई-कॉमर्स साइट पर एक विच से ऑनलाइन डिस्काउंट में गोलकीपर पर श्राप डालने का सौदा खरीदा। हैरत यह रही कि गोलकीपर कार्टर हार्ट ने इतिहास में पहली बार लगातार पांच फाइनल मैचों में 4-4 गोल खाए और कैरोलिना हरिकेन्स खिताब जीत गई।
पत्नी को मारने के लिए तांत्रिक को दिया ऑनलाइन ठेका
यह खेल हमेशा हानिरहित नहीं होता। जब तंत्र-मंत्र और नफरत का घालमेल होता है, तो इसके खौफनाक नतीजे सामने आते हैं। 2021 में लापता हुई माया मिलेट के पति लैरी मिलेट को इस साल अदालत ने पत्नी की हत्या का दोषी करार दिया। 8 हफ्ते चले इस चर्चित ट्रायल में सबसे अहम गवाह में एक जादू-टोना करने वाला फ्रैंक पीवी था। अभियोजन पक्ष ने साबित किया कि पत्नी द्वारा तलाक मांगने के बाद लैरी ने फ्रीलांस वेबसाइट के जरिए इस तांत्रिक को काम पर रखा था।