रूस और यूक्रेन के बीच चला रहे संघर्ष का अभी कोई अंत नहीं दिख रहा है। अमेरिका भी यूक्रेन के समर्थन में अपनी भूमिका बखूबी निभा रहा है। इस बीच व्हाइट हाउस ने गुरुवार को बयान जारी कहा कि अमेरिका के पास इस बात के सबूत हैं ईरानी सैनिक क्रीमिया में रूसी सैनिकों की ड्रोन हमलों में मदद कर रहे हैं साथ ही यूक्रनी नागरिकों और बुनियादी ढांचों पर हमले कर रहे हैं।
रूस की मदद कर रहे ईरानी सैनिक
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि ईरान ने अपेक्षाकृत कम संख्या में सैनिक क्रीमिया भेजे हैं, जो यूक्रेन पर ईरान निर्मित ड्रोन के जरिए हमले करने में रूस की सहायता कर रहे हैं। क्रीमिया यूक्रेन का वह हिस्सा है, जिस पर रूस ने 2014 में बल प्रयोग के जरिये अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करते हुए कब्जा जमा लिया था।
किर्बी ने दावा किया कि ईरान ने रूस की मदद के लिए क्रीमिया में प्रशिक्षकों और तकनीकी सहायता को रखा है जो यूक्रेन में ड्रोन हमलों को रूसी ही अंजाम दे रहे हैं। अमेरिका ने खुलासा किया था कि यूक्रेन पर हमलों के लिए रूसी सेना ईरान से मानवरहित विमान खरीद रही है। हालांकि, ईरान ने रूस को अपने हथियार बेचने से इनकार किया है।
वहीं ईरान में हिजाब प्रतिबंध को लेकर 22 वर्षीय महसा अमिनी की पुलिस हिरासत मौत के बाद विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं ईरान सरकार स्कूल छात्राओं समेत नागरिको के साथ बेहद क्रूर कार्रवाई कर रही है, जिसके मद्देनजर बाइडन प्रशासन नेईरान के खिलाफ नए प्रतिबंध लगाए हैं।
रूस के ताबड़तोड़ हमलों से यूक्रेन में विद्युत संकट और गहराया
यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया, कीव को झुकाने के लिए मॉस्को इसके ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ हमले कर रहा है। एनरहोदर के मेयर दिमित्रो ओरलोव ने कहा कि शहर में बिजली और पानी के केंद्रों को निशाना बनाया गया है। क्षेत्रीय गवर्नर ने बताया कि यूक्रेन के दक्षिण-मध्य क्षेत्र में स्थित क्रीवयी रिह में एक बिजली संयंत्र मिसाइल हमलों से बुरी तरह नष्ट हो गया।