अमेरिका के फीनिक्स में राजमार्ग पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। यू-टर्न लेते वक्त एक कार को 117 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आए एक अन्य वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे कार के दो टुकड़े हो गए और उसमें सवार एक महिला और उसके पांच बच्चों की मौत हो गई।
एरिजोना के जन सुरक्षा विभाग ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि नतिशा मोफिट की कार दो हिस्सों में बंट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में एरिजोना निवासी 35 वर्षीय महिला और उसके बच्चों की मौत हो गई। बच्चों की उम्र 18 साल या उससे कम थी। इस हादसे के लिए फीनिक्स निवासी 35 वर्षीय आयोना होल्टन को जिम्मेदार ठहराया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दोस्त की कार खराब होने पर लिया यू टर्न
मोफिट फीनिक्स के पश्चिम में इंटरस्टेट राजमार्ग क्र. 10 पर यात्रा कर रही थीं। एक अन्य वाहन में उनकी दोस्त पीछे से आ रही थी। उस महिला की कार में खराबी आने पर उसने किसी सुरक्षित स्थान पर जाकर मदद मांगने के लिए कहा और मोफिट को उसका पीछा करने को कहा। प्राधिकारियों ने बताया कि दोनों कारों ने यू-टर्न लिया और तभी 117 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रहे एक वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाले वाहन को आयोना होल्टन चला रही थी।
दोस्त व उसके चार बच्चे घायल
जन सुरक्षा विभाग के प्रवक्ता बार्ट ग्रेव्स ने शुक्रवार को बताया कि दो जुलाई को हुए इस हादसे में मोफिट की कार में सवार सभी की मौत हो गई। उसकी दोस्त और उसके चार बच्चों को चोटें आई हैं। उनकी उम्र दो से 14 साल के बीच की है। बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं।