अमेरिका में आठ नवंबर को होने जा रहे मध्यावधि चुनाव से पहले राष्ट्रपति जो बाइडन ने गैस की कीमतों को कम करने के लिए कई उपायों की घोषणा की है। गैस कीमतों में वृद्धि से मध्यम वर्ग प्रभावित हो रहा है। बाइडन ने एक प्रमुख नीतिगत संबोधन में दोहराया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अमेरिका में ऊर्जा की बढ़ती कीमतों के लिए जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा, जब गैस की कीमत बढ़ती है, तो अन्य खर्चे कम हो जाते हैं। इसलिए मैं गैस की कीमतों को कम करने के लिए अपने स्तर पर हर संभव प्रयास कर रहा हूं क्योंकि यूक्रेन पर रूसी हमले के कारण इनकी कीमतों में तेजी आई और अंतरराष्ट्रीय तेल बाजारों में हलचल मच गई।
बाइडन ने कहा कि ऊर्जा विभाग सामरिक पेट्रोलियम भंडार से एक बार और 1.5 करोड़ बैरल जारी करेगा, जो दिसंबर के महीने के लिए पहले घोषित तेल की आपूर्ति से अधिक होगा। उन्होंने कहा, स्वतंत्र विश्लेषकों ने पुष्टि की है कि अब तक तेल भंडार में कमी ने तेल की कीमतों को नीचे लाने में एक बड़ी भूमिका निभाई है। इसलिए, हम उस राष्ट्रीय संपत्ति का जिम्मेदारी से उपयोग करना जारी रखेंगे। अभी, सामरिक पेट्रोलियम भंडार किसी भी आपात स्थिति के लिए पर्याप्त से अधिक है।
प्रतिनिधि सभा के लिए तैयार श्री थानेदार
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में प्रतिनिधि सभा के लिए चुने जाने को भारतीय मूल के श्री थानेदार तैयार हैं। वह स्वास्थ्य सेवाओं, मानवाधिकार और आव्रजन के मुद्दों पर काम करना चाहते हैं। उद्योगपति एवं राजनेता थानेदार (67) ने अपने पिता को खोने के बाद परिवार चलाने और शिक्षा जारी रखने के लिए एक चौकीदार की नौकरी की।
इसके बाद अपनी कड़ी मेहनत के दम पर मुंबई में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में एक वैज्ञानिक के रूप में सेवाएं दीं। वह मिशिगन के 13वें ‘कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट’ से डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार हैं। प्राइमरी चुनाव जीतने के बाद उनका निर्वाचित होना तय है क्योंकि यह एक डेमोक्रेटिक गढ़ है।