मेघालय : भारी मात्रा में गोला बारूद और हथियार बरामद
मेघालय पुलिस ने शनिवार को पूर्वी गारो हिल्स जिले के पिलगोंगरे इलाके के जंगल से 79 राउंड एंटी एयरक्राफ्ट गोला व बारूद सहित हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस को यह हथियार प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन गारो नेशनल लिबरेशन आर्मी (जीएनएलए) के होने का संदेह है। अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने शनिवार तड़के विलियमनगर थाना क्षेत्र के वन क्षेत्र में अभियान चलाया।
आसाराम की जमानत याचिका पर गुजरात सरकार को नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम की जमानत याचिका पर गुजरात सरकार से जवाब देने को कहा है। दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा आसाराम जोधपुर के केंद्रीय कारागार में है। न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी और न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार की पीठ ने आसाराम की जमानत याचिका पर गुजरात सरकार से 7 सिंतबर तक जवाब मांगा है। आसाराम ने 80 साल से अधिक उम्र व बिगड़ती सेहत का हवाला देकर रियायत की मांग की है। गत दिसंबर आसाराम ने जमानत के लिए गुजरात हाई कोर्ट में याचिका दायर की की थी।
ईशा फाउंडेशन पर 2.5 करोड़ बकाया मामले में ट्रिब्यूनल का फैसला रद्द
ईशा फाउंडेशन पर बीएसएनएल के 2.5 करोड़ बकाया मामले में ट्रिब्यूनल के आदेश को रद्द करते हुए मद्रास हाईकोर्ट ने मध्यस्थता कार्यवाही फिर शुरू करने का आदेश दिया है। मध्यस्थता के बाद कोयंबटूर स्थित ईशा फाउंडेशन को 2.5 करोड़ की जगह 44 हजार रुपये चुकाने का आदेश दिया गया था। ईशा फाउंडेशन ने दिसंबर, 2018 और जनवरी, 2019 के लिए बीएसएनएल की तरफ से मिले 2,50,47,462 रुपये के बिल के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
तमिलनाडु के वित्त मंत्री की कार पर फेंकी चप्पल, एक हिरासत में
मदुरै हवाईअड्डे पर तमिलनाडु के वित्त राज्यमंत्री पलानीवेल त्यागराजन की कार पर चप्पल फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब वह जिले के एक शहीद जवान को श्रद्धांजलि देने के बाद लौट रहे थे। उन्होंने कहा, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद मंत्री और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसके बाद जब त्यागराजन वहां से निकल रहे थे, तभी भाजपा के कुछ संदिग्ध कार्यकर्ताओं ने उनकी कार को रोक दिया। उसी दौरान उनकी कार पर चप्पल फेंकी गई।
अफगानिस्तान के भारतीय दूतावास में कामकाज जल्द ही बढ़ने की संभावना
यहां दोबारा खोले गए भारतीय दूतावास में कामकाज जल्द ही बढ़ने की संभावना है। अफगान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल कहर बाल्खी ने एक ट्वीट में यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा, दूतावास में राजनयिक प्रतिनिधित्व बढ़ाने की भारत की इच्छा का अफगानिस्तान स्वागत करता है। दूतावास को पूरी सुरक्षा देंगे। काबुल के भारतीय दूतावास में जून से तकनीकी टीम तैनात है। यह व्यवसाय, कारोबारी मौकों, भोजन और दवाइयों संबंधी मदद बंटवाने में सहयोग दे रही है। हाल ही में एक अन्य टीम ने मानवीय मदद पहुंचाने के काम का निरीक्षण किया था। उनकी तालिबान के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात हुई थी।