अमेरिकी पुलिसकर्मी द्वारा मारे गए अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद उन्हें न्याय दिलाने के लिए दुनियाभर से आवाजें उठीं। लेकिन अब इस बार जॉर्ज फ्लॉयड के परिवार पर जानलेवा हमला किया गया है। उनकी भांजी की चार वर्षीय बेटी एरियाना डेलाने को उस समय गोली मार दी गई जब वह नए साल के दिन सो रही थी। एरियाना के पिता ने इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि उसकी बेटी पर किया गया हमला एक सोची समझी साजिश थी।
वारदात को सुबह तीन बजे अंजाम दिया गया
जानकारी के अनुसार फ्लॉयड की नातिन एरियाना डेलाने टेक्सास के दक्षिण ह्यूस्टन में अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल पर परिवार के चार अन्य सदस्यों के साथ सो रही थी इसी दौरान तड़के करीब तीन बजे कुछ अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिसके बाद वहां दहशत का माहौल बन गया।
बच्ची की बच गई जान
जानकारी के अनुसार बच्ची के माता-पिता उस समय अपने बेडरूम में लेटे हुए थे। जैसे ही गोलियों की आवाज सुनी और अपनी बेटी के कमरे की ओर भागे। पति डेरेक डेलाने ने लाइट ऑन की तो बेटी खून से लतपथ बेड पर पड़ी हुई थी। गनीमत यह रही कि सही समय पर अस्पताल पहुंचने से उनकी बेटी की जान बच गई।
अमेरिकी पुलिस की हिरासत में जॉर्ज फ्लॉयड की हुई थी मौत
25 मई 2020 को अमेरिकी पुलिस ने अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड को कैब से उतारकर जमीन पर लिटाकर घुटनों से उसकी गर्दन को दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद नस्लवाद को लेकर अमेरिका में जबरदस्त प्रदर्शन हुआ था।