अभिनेता अनुपम खेर भारतीय विद्या भवन की अमेरिकी शाखा के साथ मिलकर संस्थान को कलाकारों के लिए उत्कृष्ट सांस्कृतिक और मानवीय केंद्र बनाने के लिए काम कर रहे हैं। यह केंद्र कलाकारों को कहानियों, विचारों आदि के आदान-प्रदान के लिए एक मंच प्रदान करेगा।
पिछले सप्ताह विद्या भवन में अपने आत्मकथात्मक नाटक ‘कुछ भी हो सकता है’ का प्रदर्शन करने वाले खेर ने कहा कि वह इसे सांस्कृतिक केंद्र बनाने के लिए संस्था के साथ सहयोग कर रहे हैं। यह प्रतिभाओं के लिए एक केंद्र के रूप में काम करेगा।
उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क विविधता की सांस्कृतिक राजधानी है। इस शहर में रहने वाले विविध लोगों की संख्या दुनिया में कहीं और नहीं मिलेगी। खेर ने कहा कि वह चाहते हैं कि भारतीय विद्या भवन केवल भारतीय कलाकारों के लिए ही नहीं, बल्कि अन्य कलाकारों के लिए भी सांस्कृतिक केंद्र बने।