उम्मीद : मार्च में तैयार हो सकता है ओमिक्रॉन का टीका
दुनिया में तेजी से फैलते ओमिक्रॉन वैरिएंट को रोकने के लिए टीका बनाने पर काम जारी है। दिग्गज फार्मा कंपनी फाइजर ने उम्मीद जताई है कि ओमिक्रॉन के खिलाफ काम करने वाली वैक्सीन मार्च में तैयार हो जाएगी। कंपनी के सीईओ अलबर्ट बौर्ला ने सीएनबीसी को बताया कि सरकारों की ओर से भारी मांग के चलते फाइजर पहले से ही वैक्सीन की खुराकों का निर्माण कर रही है। उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता कि हमें इसकी जरूरत होगी या नहीं अथवा इसका उपयोग कैसे किया जाएगा।
ओमिक्रॉन टीके पर अधिक शोध जरूरी: डब्ल्यूएचओ
डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि ओमिक्रॉन वैरिएंट के खिलाफ पर्याप्त सुरक्षा वाले टीकों की क्षमता पर और अधिक शोध की आवश्यकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के एक अधिकारी ने कहा कि इस मुद्दे पर वैश्विक समन्वय की जरूरत है और इसे निर्माताओं पर अकेले निर्णय लेने के लिए नहीं छोड़ा जाना चाहिए। यह बयान फाइजर द्वारा ओमिक्रॉन टीका मार्च तक बनाने की टिप्पणी के बीच आया है।
ईयू ने दक्षिण अफ्रीका पर से हवाई यात्रा प्रतिबंध हटाया
यूरोपीय संघ (ईयू) ने कोरोना के नए वैरिएंट ‘ओमिक्रॉन’ को फैलने से रोकने की उम्मीद में दक्षिण अफ्रीका से आने वाली उड़ानों पर लगाए गए यात्रा प्रतिबंध करीब एक माह बाद हटा लिए हैं। ओमिक्रॉन की पहचान सबसे पहले नवंबर के अंत में दक्षिण अफ्रीका में हुई थी। इसके बाद 27 देशों के संगठन ने उस क्षेत्र से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगा दिया था।
मेक्सिको के राष्ट्रपति दूसरी बार कोरोना संक्रमित हुए
मेक्सिको के राष्ट्रपति एंद्रेस मैनुएल लोपेज ओब्रादोर ने बताया कि वे दूसरी बार कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने कहा, पिछले वर्ष की शुरुआत में भी वे संक्रमित पाए गए थे। ओब्रादोर ने कहा, हालांकि लक्षण मामूली हैं, फिर भी मैं पृथक रहूंगा और अगले आदेश तक सभी बैठकें ऑनलाइन करूंगा।
फरवरी में अधिकतर विदेशियों के लिए सीमाएं बंद रखेगा जापान
जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा ने कहा कि बुजुर्गों को कोविड-19 रोधी टीके की ‘बूस्टर’ खुराक देने के कार्यक्रम को तेज करने और ओमिक्रॉन वैरिएंट का प्रसार को रोकने के लिए फरवरी में अधिकतर विदेशी नागरिकों के लिए देश की सीमाएं बंद रहेगी। बता दें, कोविड-19 के मामले कम होने के बाद जापान ने नवंबर में सीमाएं खोल दी थीं, लेकिन अब नए वैरिएंट के संक्रमण बढ़ रहे हैं।