क्या रमा दुवाजी का स्पेन जाना महज एक निजी यात्रा है या अमेरिका के प्रति उनकी बेरुखी? मेयर के न्यूयॉर्क में आधिकारिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहने और उनकी पत्नी के विदेश में होने की टाइमिंग ने शहर की राजनीति में एक नया बवाल खड़ा कर दिया है, जिस पर अब तीखी आलोचनाएं हो रही हैं।
न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी एक तरफ जहां अमेरिका के 250वें स्थापना दिवस के आधिकारिक कार्यक्रमों में मशगूल हैं, वहीं उनकी पत्नी रमा दुवाजी का स्पेन में होना नई राजनीतिक बहस छेड़ चुका है। यह सवाल हर किसी के जहन में है कि क्या देश के सबसे बड़े जश्न के दौरान उनका विदेश में रहना महज एक इत्तेफाक है, या फिर इसके पीछे कोई गहरी मंशा छिपी है?
विज्ञापन
रमा दुवाजी के दौरे पर सियासत तेज क्यों?
खबर है कि अमेरिका 250 के समारोहों से ठीक पहले, सीरियाई-अमेरिकी कलाकार रमा दुवाजी को नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर देखा गया था। वह स्पेन के पाल्मा, मैलोर्का की उड़ान भर रही थीं। मेयर जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क में ही रहकर पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश के साथ सुरक्षा ब्रीफिंग और 'सेल250' परेड जैसे आयोजनों की शोभा बढ़ा रहे थे। वहीं, उनकी पत्नी का प्रमुख राष्ट्रीय पर्व के दौरान देश से बाहर रहने पर बवाल शुरू हो गया है।
स्पेन में क्या कर रही हैं रमा दुवाजी?
रिपोर्ट्स के अनुसार, रमा दुवाजी 'द वूमेंस सैंक्चुअरी' की ओर से आयोजित 'प्लांट्स ऑफ द कुरान' नामक रिट्रीट में हिस्सा ले रही हैं। यह कार्यक्रम बुधवार से सोमवार तक चलेगा। वे न केवल इस रिट्रीट की होस्ट हैं, बल्कि इसकी 'आर्टिस्ट इन रेजिडेंस' भी हैं। इतना ही नहीं, वह नौ से 14 जुलाई तक फ्रांस के कोर्सिका में 'मैरी इन द कुरान' रिट्रीट में भी शामिल होंगी। सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उन्हें इसी समय का चुनाव क्यों करना पड़ा?
विपक्षी नेताओं के तीखे वार
क्वींस काउंसिलवुमन जोआन एरियोला ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा, 'अमेरिका 250 के जश्न को छोड़कर छुट्टी पर जाना रमा दुवाजी की अमेरिका विरोधी सोच को उजागर करता है।' स्टेटन आइलैंड के काउंसिलमैन फ्रैंक मोरान ने भी इसे निराशाजनक करार दिया। हालांकि, मेयर कार्यालय ने इन आलोचनाओं पर कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है।