दुनिया के अमीर शख्सियतों में शुमार व अमेजन कंपनी के संस्थापक और सीईओ जेफ बेजोस रविवार को अपनी गर्लफ्रेंड लॉरेन सांचेज के साथ विंबलडन टेनिस का पुरुषों का सिंगल्स फाइनल मुकाबले में दिखे। पूर्व टीवी एंकर लॉरेन सांचेज के साथ अपने रिश्ते के एलान के बाद बेजोस पहली बार उनके साथ सार्वजनिक रूप से दिखे। वे रॉयल फैमिली के सदस्यों के पीछे वाली सीट पर बैठे थे।
लॉरेन सांचेज हॉलीवुड टैलंट एजेंट पैट्रिक वाइटसेल की पत्नी हैं। लॉरेन टीवी प्रजेंटर के साथ हेलिकॉप्टर पायलट भी हैं। सांचेज ने 14 साल पहले पैट्रिक वाइटसेल से शादी की थी। वाइटसेल हॉलीवुड टैलंट एजेंसी डब्ल्यूएमई के सीईओ हैं। पैट्रिक वाइटसेल जेफ बेजोस के अच्छे दोस्त माने जाते हैं। सांचेज का अपने पति से रिश्ता खत्म हो चुका है।
गौरतलब है कि बेजोस ने सांचेज से रिश्ते का एलान इस साल जनवरी में किया था। इससे पहले बेजोस ने मैकेंजी से तलाक लेने की घोषणा कर दी थी। दोनों का आधिकारिक रूप से तलाक हो चुका है। दोनों के बीच 38 सौ करोड़ डॉलर यानी करीब 2,60,110 करोड़ रुपये में तलाक समझौता हुआ। इसके तहत अमेजन के 1.97 करोड़ शेयर मैकेंजी को मिलेंगे। इसके जरिए मैकेंजी न केवल कंपनी में चार प्रतिशत की हिस्सेदार होंगी, बल्कि 2.62 लाख की संपत्ति उन्हें दुनिया का 22वां सबसे अमीर व्यक्ति भी बना देगी। हालांकि वे अपनी आधी संपत्ति दान करने की घोषणा भी कर चुकी हैं।
बेजोस और मैकेंजी का विवाह 1993 में हुआ था, उन्हें चार बच्चे हुए। जेफ ने 1994 में सिएटल में अपने गैराज में अमेजन की स्थापना की थी। तब इसे उन्होंने कैडबरा नाम दिया, लेकिन बाद में दक्षिण अमेरिकी नदी अमेजन पर इसका नामकरण किया। इसे उन्होंने ऑनलाइन बुक स्टोर के रूप में शुरू किया और फिर अन्य उत्पाद बेचते हुए आगे बढ़े, इसे विश्व की सबसे बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी बनाया, खुद भी सबसे अमीर व्यक्ति बने।
बता दें कि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति जेफ बेजोस टेनिस के बहुत बड़े फैन हैं। 2001 में उन्होंने पेट सेंप्रास के साथ पार्टनरशिप में एक चैरिटी मैच भी खेला था। उस मैच में उनका मुकाबला बिल गेट्स और आंद्रे आगासी की जोड़ी से हुआ था।