अमेजन कंपनी के संस्थापक जेफ बेजॉस- मैकेंजी बेजॉस
- फोटो : Social Media
अमेजन के फाउंडर-सीईओ जेफ बेजोस की गर्लफ्रेंड लॉरेन सांचेज के भाई माइकल ने बेजोस के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया है। दरअसल, बेजोस ने आरोप लगाया था कि लॉरेन के साथ उनकी निजी तस्वीरें और मैसेज माइकल ने ही लीक किए थे। माइकल ने इन आरोपों को गलत बताया है।
माइकल ने कहा है कि आरोपों की वजह से उनकी बदनामी हुई है। उनके घर पर एफबीआई ने छापा भी मारा, इस वजह से पड़ोसियों और समाज के बीच उनकी छवि खराब हुई है। अमेरिकी मैगजीन नेशनल एनक्वायरर ने पिछले साल जनवरी में बेजोस और लॉरेन की तस्वीरों के साथ उनके संबंधों का खुलासा किया था।
माइकल को लीक के बदले मिले डेढ़ करोड़ रुपए: रिपोर्ट
माइकल ने कहा है कि जब बेजोस और लॉरेन की तस्वीरें लीक हुई थी, उस दौरान उन्होंने एक जिम्मेदार भाई और मैनेजर की भूमिका निभाई थी। लीक हुई तस्वीरों से उनका कोई संबंध नहीं है। बता दें कि पिछले सप्ताह अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने यह रिपोर्ट दी थी कि माइकल को नेशनल एनक्वायरर से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये (दो लाख डॉलर) मिले थे। सरकारी वकीलों के पास इस बात के सबूत हैं कि लॉरेन ने स्वयं ही माइकल को यह मैसेज पहुंचाए। जिसके बाद माइकल ने वे मैसेज मीडिया को बेच दिया।
बेजोस के फोन हैक में सऊदी अरब का हाथ होने का भी शक
दूसरी तरफ, लॉरेन ने बेजोस के खिलाफ केस को आधारहीन करार दिया है। बेजोस के फोटो लीक मामले में दो हफ्ते पहले एक ऐसा मोड़ दिया, जब ब्रिटेन के अखबार द गॉर्जियन ने रिपोर्ट दी कि बेजोस का फोन हैक करने में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का हाथ हो सकता है। हालांकि, सऊदी अरब ने इस आरोप को सिरे से नकार दिया है।