इस्राइल ने हिजबुल्ला की ओर से लगातार रॉकेट और ड्रोन हमलों के बाद बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमले का आदेश दिया। अमेरिका की मंजूरी के बाद सैन्य अभियान का विस्तार किया गया।
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री काट्ज ने सोमवार को एक संयुक्त बयान जारी किया। इसमें कहा गया है कि उन्होंने सेना को बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमला करने का आदेश दिया है। बयान के अनुसार, यह आदेश लेबनान में हिजबुल्ला की ओर से बार-बार युद्धविराम उल्लंघन के बाद दिया गया था, जिसमें उत्तरी इस्राइली शहरों को निशाना बनाकर रॉकेट और ड्रोन हमले शामिल थे।
यह कदम कब उठाया गया है?
वहीं, आईडीएफ ने रविवार को कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान में ब्यूफोर्ट रिज और वादी अल-सलूकी क्षेत्रों में प्रवेश करने के बाद ब्यूफोर्ट कैसल पर कब्जा कर लिया है। आईडीएफ के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य ब्यूफोर्ट रिज और वादी अल-सलूकी क्षेत्र पर परिचालन नियंत्रण स्थापित करना और साथ ही इस क्षेत्र में हिजबुल्ला की क्षमताओं को कमजोर करना है।
यह भी पढ़ें- Sri Lanka: श्रीलंका में धार्मिक उत्सव के दौरान बड़ा हादसा, बेकाबू ट्रक ने भीड़ को कुचला; 6 की मौत, कई घायल
इस्राइली रक्षा बलों ने कहा कि सोमवार की सुबह भर हिजबुल्ला ने उत्तरी इस्राइली की ओर रॉकेट और ड्रोन दागे, जिनमें से कुछ को सफलतापूर्वक रोक दिया गया और अन्य खुले इलाकों में गिरे, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। इस्राइली सेना ने यह भी कहा कि उसने उस लॉन्चर को नष्ट कर दिया है, जिससे हिजबुल्ला ने रविवार रात पूर्वोत्तर इस्राइली के शहर तिबेरियास की ओर रॉकेट दागे थे। इस घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।