रूस में 17 जनवरी को गिरफ्तार किए गए विपक्ष के नेता एलेक्साई नवलनी की कभी भी मौत हो सकती है। वे तीन हफ्ते से भूख हड़ताल पर हैं और उनके डॉक्टर यारोस्लाव अश्खिमिन ने फेसबुक पोस्ट में बताया कि उनकी हालत लगातार बिगड़ रही है। 44 साल के नवलनी के शरीर में पोटेशियम का स्तर बढ़ गया है, जिससे उन्हें दिल का दौरा पड़ सकता है, या किडनी फेल हो सकती है।
दूसरी ओर रूसी सरकार का कहना है कि नवलनी को सभी चिकित्सकीय मदद दी जा रही है। पिछले वर्ष नवलनी को रूसी सरकार ने जहर दे दिया था। उन्हें जर्मनी लाया गया, जहां पांच महीने इलाज के बाद वे ठीक हुए और वापस रूस लौटे। लेकिन उन्हें घपले के आरोप में फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।
बाइडन ने कहा नवालिन से अनुचित व्यवहार हो रहा
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि नवालनी से खराब व्यवहार हो रहा है। यह राजनीति से प्रेरित और पूरी तरह अनुचित है। पिछले हफ्ते रूसी विदेशी मंत्रालय ने कहा था कि अमेरिका नवलनी को लेकर फर्जी कहानियां गढ़ रहा है।