US: न्यू जर्सी के नेवार्क हवाई अड्डे पर शुक्रवार को रडार विफल रहने के कारण 57 उड़ानें रद्द की गईं। दो सप्ताह पहले भी ऐसी ही घटना हुई थी, जिससे सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हुई थीं। सांसद जोश गॉटहाइमर ने इसे अपर्याप्त कर्मचारियों और पुरानी तकनीक का परिणाम बताया है।
न्यू जर्सी के नेवार्क हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह हवाई यातायात नियंत्रकों ने दो सप्ताह में दूसरी बार 90 सेकंड के लिए रडार तक पहुंच खो दी। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) के अनुसार, फिलाडेल्फिया में स्थित सुविधा का रडार शुक्रवार तड़के 3.55 बजे बंद हो गया। यह नेवार्क हवाई अड्डे पर विमानों को निर्देशित करती है। फ्लाइटअवेयर.कॉम के अनुसार, शुक्रवार को नेवार्क से 57 उड़ानें रद्द हो गईं। आगमन में 60 उड़ानें रद्द हुईं और करीब 300 उड़ानों में देरी हुई। इस सप्ताह नेवार्क में 1,700 से अधिक उड़ानें रद्द या विलंबित हुई थीं।
विज्ञापन
इसके पहले 28 अप्रैल की रडार विफलता की ऐसी ही घटना हुई थी। इसके बाद सैकड़ों उड़ानें रद्द या विलंबित हुई थीं। 28 अप्रैल की घटना के बाद एफएए ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हवाई यातायात को धीमा कर दिया था। घटना के बाद पांच नियंत्रक मानसिक आघात के कारण छुट्टी पर चले गए थे। इस बार और नियंत्रकों के छुट्टी पर जाने की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
अपर्याप्त कर्मचारी और पुरानी तकनीकी जिम्मेदार: सांसद गॉटहाइमर
अमेरिकी सांसद जोश गॉटहाइमर ने नेवार्क की समस्याओं के लिए अपर्याप्त कर्मचारी और पुरानी तकनीक को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केवल 22 नियंत्रक कार्यरत हैं, जबकि यह संख्या 60 होनी चाहिए। रडार से जुड़े कई तार 1980 के दशक के पुराने तांबे के हैं। 28 अप्रैल की विफलता भी एक तांबे के तार के जलने से हुई थी। एफएए ने बताया कि फिलाडेल्फिया और न्यूयॉर्क सुविधाओं के बीच नए फाइबर ऑप्टिक डाटा लाइन स्थापित किए जा रहे हैं। परिवहन सचिव सीन डफी ने बृहस्पतिवार को पुराने हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली को बदलने के लिए अरबों डॉलर की योजना की घोषणा की। इसमें 4,600 हाई-स्पीड कनेक्शन और 618 रडारों का प्रतिस्थापन शामिल है।