एयर इंडिया के एक विमान को लंदन डायवर्ट किया गया है। जानकारी के मुताबिक, विमान न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहा था। रास्ते में मेडिकल इमरजेंसी की वजह से लंदन डायवर्ट करना पड़ा है। फ्लाइट का नंबर AI-102 बताया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित यात्री को विमान से उतारने के बाद विमान लंदन से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। हालांकि, स्थिति के बारे में विवरण तुरंत पता नहीं चल सका। विमान के पायलट के अनुसार, दिल्ली में उतरने से पहले उड़ान में कम से कम 6-7 घंटे की देरी होने की संभावना है।
इस बीच एयर इंडिया ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि विमान पर इमरजेंसी की स्थिति के कारण न्यूयॉर्क से नई दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI-102 को लंदन डायवर्ट कर दिया गया है। हीथ्रो एयरपोर्ट पर हमारे ग्राउंड स्टाफ को सतर्क कर दिया गया है। संबंधित व्यक्ति को अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई है।