अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे के बाद अहम जानकारी सामने आई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक गुजरात के मेघाणीनगर में बीते 12 जून को क्रैश होने से पहले एअर इंडिया के विमान की आपात बिजली प्रणाली सक्रिय हो चुकी थी। इस मामले में बोइंग ने कहा है कि कंपनी जांच ब्यूरो से संपर्क करेगी।
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद एअर इंडिया के ड्रीमलाइनर 787-8 विमान से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक विमान उड़ान भरने के कुछ ही सेकेंड्स बाद अहमदाबाद के मेघाणीनगर में डॉक्टरों के हॉस्टल पर जा गिरा। हालांकि, क्रैश होने से पहले ही विमान की आपात बिजली प्रणाली सक्रिय हो गई थी। इतिहास के सबसे भयानक हादसों में एक का दंश झेल रही अमेरिकी कंपनी बोइंग ने कहा है कि कंपनी पूरे मामले को समझने के लिए जांच ब्यूरो से संपर्क करेगी।
विज्ञापन
अमेरिकी अखबार का बड़ा दावा, स्वतंत्र स्रोतों से तत्काल पुष्टि नहीं
एक रिपोर्ट के मुताबिक एअर इंडिया हादसे की जांच रहे अधिकारियों का मानना है कि पिछले सप्ताह अहमदाबाद में क्रैश हुए एअर इंडिया बोइंग ड्रीमलाइनर विमान में आपातकालीन बिजली जनरेटर चालू था। अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बुधवार को जांच से जुड़े लोगों के हवाले से यह जानकारी दी। हालांकि अखबार के दावे की स्वतंत्र स्रोतों से तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने नहीं दिया जवाब
बोइंग ने कहा कि वह जानकारी के लिए भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो से संपर्क करेगा जबकि, इंजन निर्माता जीई एयरोस्पेस और भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस मामले में पूछे गए सवाल का जवाब नहीं दिया।
क्या विमान के इंजन टेकऑफ के दौरान ठीक से काम कर रहे थे?
राम एयर टर्बाइन (आरएटी) के रूप में जाना जाने वाला सिस्टम बिजली और हाइड्रोलिक दबाव उत्पन्न करता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पायलट विमान को नियंत्रित कर सकें, भले ही दोनों इंजन फेल हो जाएं। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रारंभिक खोज इस बारे में सवाल उठाती है कि क्या विमान के इंजन टेकऑफ के दौरान ठीक से काम कर रहे थे। ड्रीमलाइनर में जीई एयरोस्पेस के इंजन लगे थे।
कब और कहां हुआ हादसा; हताहतों की संख्या कितनी
बता दें कि एअर इंडिया का अत्याधुनिक विमान- बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 बीते 12 जून को अहमदाबाद के मेघाणीनगर में उड़ान भरने के कुछ ही सेकेंड्स बाद क्रैश हो गया। विमान में सवार 242 लोगों में 12 क्रू के सदस्य थे। यात्रियों में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, एक कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। हादसे के समय मेघाणीनगर में मौजूद कई लोग हताहत हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गुजरात के पूर्व सीएम रूपाणी का भी निधन
हादसे के बाद एअर इंडिया ने एक करोड़ 25 लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया है। एअर इंडिया विमान संख्या- एआई171 अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था। बोइंग 787-8 एयरक्राफ्ट वीटी-एएनबी श्रेणी का था। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया। फ्लाइट क्यों क्रैश हुई इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।