आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जमाने में बच्चों की निजता व सुरक्षा की चुनौतियों ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। इंटरनेट और एआई जैसी तकनीक साथ आने से उत्पन्न जोखिमों को देखते हुए वे पशोपेश में हैं कि बच्चों के बारे में ऑनलाइन क्या साझा करें कि उनकी निजता व सुरक्षा पर खतरा न पैदा हो।
हालांकि, अभिभावकों का एक बड़ा तबका ऐसा भी है, जो सोशल मीडिया पर इन्फ्लुएंसर का तमगा हासिल करने के लिए बच्चों को उत्पाद बनाकर बेचने से भी गुरेज नहीं कर रहा। मगर, यहां भी निजता का सवाल केंद्र में है। न्यूयॉर्क की टिकटॉक स्टार कोडी एलिस (बदला हुआ नाम) ने 2020 में अपनी छोटी बेटी के डांस का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसे लाखों लोगों ने देखा।
कोडी के 40 लाख फॉलोअर हैं और इंटरनेट पर कॉस्मेटिक टैटू कलाकार के रूप में अपने काम और एकल मां के रूप में अनुभवों को साझा करती हैं। मगर, जब उन्होंने उक्त वीडियो पर कमेंट देखे तो डर गईं। वहां हजारों लोगों ने अश्लील, डरावनी व धमकीभरी टिप्पणियां की थी। इसके बाद उन्होंने बच्चों के बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट करना बंद कर दिया।
इंटरनेट के सभी प्लेटफॉर्म से तस्वीरें हटा लीं। हालांकि, बीते महीने उन्हें पता चला कि किसी तरीके से आपके बच्चों की तस्वीरें और निजी जीवन की जानकारियां इंटरनेट पर लीक हो ही जाती हैं। भले ही आप तस्वीरें पोस्ट न करें, लेकिन आपके रिश्तेदार, भाई-बहन, सहपाठी, डांस क्लास या स्पोर्ट्स क्लब की तरफ से जारी तस्वीरों में आपके बच्चे मौजूद रहते हैं। ऐसे में देखें तो एआई की मौजूदगी में इंटरनेट पर बच्चों की निजता और सुरक्षा लगभग नामुमकिन है।
डाटा साझा करने में बरतें सावधानी
कॉमन सेंस मीडिया की शोध प्रमुख अमांडा लेनहार्ट कहती हैं, बच्चों का डाटा साझा करते समय बहुत सावधानी की जरूरत है। उन्होंने डॉयचे टेलीकॉम के एक जन-जागरूकता अभियान के वीडियो के बारे में बताया, जिसमें एक अभिनेत्री को 9 साल की एला का किरदार निभाते हुए दिखाया गया। उनके काल्पनिक माता-पिता उसकी बेहिसाब तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर पोस्ट करते थे। डीपफेक के जरिये एला का डिजिटल किरदार बनाकर उसके माता-पिता को यकीन दिलाया गया कि उनकी बेटी का अपहरण हो गया है और अपहृताओं के पास एला की नग्न तस्वीरें हैं।
2020 प्यू रिसर्च सर्वेक्षण के अनुसार 80 फीसदी माता-पिता अपने बच्चों की तस्वीरें, वीडियो और जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। पिमआइज के मालिक जियोर्गी गोब्रोनिडेज कहते हैं कि चेहरों की अनुचित खोज करने वाले खातों को वे निष्क्रिय कर देते हैं।
ऐसी तस्वीरें भी सार्वजनिक जिसे आपने कभी न देखा
टिकटॉक स्टार कोडी ने बताया कि जब उन्होंने अपने सात साल के बेटे को चेहरा पहचानकर तस्वीरें ढूंढ़ने वाले सर्च इंजन पिमआइज पर खोजा तो इंटरनेट पर बेटे की कुछ ऐसी तस्वीरें मिलीं, जिन्हें उन्होंने कभी नहीं देखा था। तस्वीरों का स्रोत जानने के लिए कोडी ने पिमआइज की 30 डॉलर की सदस्यता ली तो पता चला कि उनके पूर्व पति बेटे को फुटबॉल मैच में ले गए थे।