अहमदाबाद एअर इंडिया हादसे पर ब्रिटेन की उपप्रधानमंत्री एंजेला रायनर ने गहरा दुख प्रकट किया है। रायनर ने कहा कि इस कठिन समय में UK और भारत एकजुट हैं। दुख की इस घड़ी में ब्रिटेन सभी पीड़ित परिवारों का दुख साझा करता है। रायनर ने लंदन में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, विमान दुर्घटना से प्रभावित सभी लोग कठिन समय का सामना कर रहे हैं। लंदन स्थित इंडिया हाउस द्वारा आयोजित सर्व-धर्म प्रार्थना के दौरान रायनर, उनके साथी सांसदों, विदेश मंत्रालय के अधिकारियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों ने पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। हादसे में मारे गए लोगों और रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल लोगों के प्रयासों की सराहना भी की गई। इस कार्यक्रम में सभी प्रमुख धर्मों के आध्यात्मिक लोग मौजूद रहे। हताहतों को पुष्पांजलि भी अर्पित की गई।
डिप्टी पीएम ने कहा, ब्रिटेन पीड़ितों के साथ है
रायनर ने भारतीय उच्चायोग में अपने संबोधन में कहा, पिछले कुछ दिनों में मुझे एक बात सबसे अधिक प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन और भारत भले ही दो ऐसे देश हैं जिनके बीच भौगोलिक रूप से बहुत दूरी है, लेकिन वास्तव में हम बहुत करीब हैं। आज हम साथ मिलकर शोक मना रहे हैं। रायनर ने कहा, 'मैं आज यहां मौजूद सभी लोगों और उच्चायोग से परे सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करना चाहती हूं। ब्रिटेन आपके साथ है और आपका समर्थन करना जारी रखेगा।'
271 लोगों की मौत, पीछे छूटे कई परिवार
ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अहमदाबाद विमान हादसे पर दुख होने के साथ-साथ 'गंभीर सदमे' की बात कही। उन्होंने कठिन समय में समर्थन के लिए ब्रिटेन का आभार भी प्रकट किया। दोराईस्वामी ने कहा, इस त्रासदी से हम सभी को एहसास हुआ कि जीवन अचानक समाप्त हो सकता है। उन्होंने कहा, हम 271 लोगों की मौत के बाद उनके पीछे छूटे कई परिवारों और दोस्तों के लिए शोक मना रहे हैं। इतने सारे लोगों की जिंदगी पर गहरा असर पड़ा है। पीड़ित परिवार जैसे हालात से जूझ रहे हैं, ऐसे में यह कल्पना करना मुश्किल है कि हम कुछ भी कहें या करें, पीड़ितों को सांत्वना नहीं मिल सकती।
एअर इंडिया हादसे के पीड़ितों की सहायता के लिए सरकार प्रयासरत
'इन एवरलास्टिंग मेमोरी' नाम से आयोजित कार्यक्रम के तहत ब्रिटिश संसद के निचले सदन- हाउस ऑफ कॉमन्स में भी चर्चा हुई। इसमें विदेश कार्यालय मंत्री हैमिश फाल्कनर ने संसद को बताया कि त्रासदी से प्रभावित ब्रिटिश नागरिकों की सहायता के लिए सरकार क्या प्रयास कर रही है।
परिजनों की पीड़ा का उल्लेख ब्रिटेन की संसद में हुआ
फाल्कनर ने कहा, ब्रिटेन में लगभग 2 मिलियन भारतीय प्रवासी रहते हैं। गुजराती समुदाय के भी लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। हम इस त्रासदी का दर्द एक साथ महसूस करते हैं। हमारे बीच गहरे व्यक्तिगत संबंध हैं। ये भारत के साथ हमारी साझेदारी की ताकत की भी याद दिलाता है। दोनों देशों की साझेदारी संकट के समय विश्वास, साझा मूल्यों और आपसी समर्थन पर आधारित है। उन्होंने परिवारों की 'पीड़ा और हताशा' को भी रेखांकित किया, जो शवों की पहचान और पार्थिव शरीर मिलने के इंतजार अभी तक अपने प्रियजनों को अंतिम विदाई नहीं दे पाए हैं।
ये भी पढ़ें- लंदन जा रहा एअर इंडिया विमान अहमदाबाद में क्रैश: 241 यात्रियों समेत कुल 270+ लोगों की मौत, कई हताहत अस्पताल में
कब और कहां हुआ हादसा; हताहतों की संख्या कितनी
बता दें कि एअर इंडिया का अत्याधुनिक विमान- बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 बीते 12 जून को अहमदाबाद के मेघाणीनगर में उड़ान भरने के कुछ ही सेकेंड्स बाद क्रैश हो गया। विमान में सवार 242 लोगों में 12 क्रू के सदस्य थे। यात्रियों में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, एक कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। हादसे के समय मेघाणीनगर में मौजूद कई लोग हताहत हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एअर इंडिया ने एक करोड़ 25 लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया है। एअर इंडिया विमान संख्या- एआई171 अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था। बोइंग 787-8 एयरक्राफ्ट वीटी-एएनबी श्रेणी का था। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया। फ्लाइट क्यों क्रैश हुई इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।