कैलिफोर्निया में सांता क्रूज पुलिस ने भारतीय मूल के कारोबारी और डिजिटल मार्केटिंग कंपनी अत्रेनेट के मालिक तुषार अत्रे (50 वर्ष) का शव उनकी कार से बरामद किया है। कैलिफोर्निया में सांता क्रूज काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने एक अक्टूबर को अत्रे की कार को खोजा था, जिसके अंदर एक शव पाया गया। जांच के बाद दो अक्टूबर की शाम को पुलिस ने इसके तुषार अत्रे का शव होने की पुष्टि की। पुलिस ने कहा कि अब तक मिले सबूतों से पता चला है कि घटना को अंजाम देने की वजह लूट हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक तुषार का अपहरण एक अक्टूबर की सुबह तीन बजे उनके घर से किया गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने अत्रे के घर की जांच की थी। अत्रे को आखिरी बार उनकी सफेद कार में देखा गया था। पुलिस के प्रवक्ता सार्जेंट ब्रायन क्लीवलैंड ने कहा कि हम अत्रे के जीवन से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रहे हैं। हमने जांच के लिए सभी विकल्प खुले रखे हैं।
तुषार अत्रे उच्च तकनीकी संस्थानों की मार्केटिंग करने वाली कंपनी के मालिक होने के साथ मादक पदार्थों का व्यवसाय भी करते थे। अत्रे के पास इसका लाइसेंस मौजूद था। उनके दोस्त रोबर्ट ब्लूमबर्ग ने कहा- करीब एक साल पहले उन्होंने मादक पदार्थों का निर्माण करने वाली कंपनी शुरू की थी।