रिपब्लिकन पार्टी के नियंत्रण वाली सीनेट ने एक मतदान के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कर में छूट, खर्च में कटौती और निर्वासन के लिए फंड बढ़ाने वाले विधेयक को आगे बढ़ा दिया है। सीनेट में शनिवार देर रात 51 के मुकाबले 49 मतों से यह प्रक्रिया पूरी हुई। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस संभावित बराबरी की स्थिति में वोट डालने के लिए सीनेट में मौजूद थे।
मतदान तीन घंटे से भी ज्यादा समय तक रुका रहा। दरअसल, जो सांसद अभी तक सहमत नहीं थे, वे आपस में बातचीत कर रहे थे और सीनेट कक्ष के बार निजी बैठको में व्यस्त थे। आखिरकार, रिपब्लिकन पार्टी के दो सांसदों ने ट्रंप के इस प्रस्ताव का विरोध किया। ये दोनों डेमोक्रेटिक पार्टी के 47 सांसदों के साथ शामिल हो गए।
ये भी पढ़ें: अब गाजा में संघर्षविराम कराएंगे ट्रंप, एक हफ्ते में समझौते को लेकर हो सकता है बड़ा एलान
बाद में ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'आज रात सीने में हमें एक बड़ी जीत मिली है'। रिपब्लिकन पार्टी के सांसद कांग्रेस में अपने बहुमत का इस्तेमाल करते हुए डेमोक्रेटिक पार्टी के विरोध को दरकिनार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें लगातार राजनीतिक और नीतिगत अड़चनों का सामना करना पड़ रहा है। रिपब्लिकन पार्टी के सभी सांसद इस बात से सहमत नहीं हैं कि मेडिकेड (सरकारी स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम), खाद्य सहायता और अन्य योजनाओं पर खर्च में कटौती की जाए, ताकि ट्रंप की ओर से दी गई करीब 3.8 ट्रिलियन डॉलर की कर छूट में लगने वाला खर्च पूरा किया जा सके।
ट्रंप ने विधेयक का समर्थन न करने वाले नेताओं पर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि वह रिपब्लिकन पार्टी के एख सांसद थॉम टिलिस (नॉर्थ कैरोलिना से) के खिलाफ प्रचार करेंगे। टिलिस ने कहा था कि वह इस विधेयक का समर्थन नहीं कर सकते, क्योंकि इसमें मेडिकेड में कटौती की बात है, जिससे उनके राज्य में बहुत से लोगों को इलाज नहीं मिल पाएगा।
ये भी पढ़ें: भ्रष्टाचार मामले में फंसे इस्राइली पीएम; ट्रंप समर्थन में उतरे, बोले- उन्हें बड़ा काम करना है
कांग्रेस के एक निष्पक्ष कार्यालय ने अपनी नई विश्लेषण रिपोर्ट में कहा कि अगर यह विधेयक पारित होता है, तो साल 2034 तक बिना स्वास्थ्य बीमा वाले लोगों की संख्या 1 करोड़ 18 लाख और बढ़ जाएगी। टिलिस और केंटकी के रिपब्लिकन पार्टी के सांसद रैंड पॉल ने इस विधेयक के खिलाफ मतदान दिया। 940 पन्नों के इस विधेयक का तब और विरोध हुआ, जब अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने इसे पूरी तरह से पागलपन और नुकसान पहुंचाने वाला कदम बताया।
अब सांसदों को पूरी रात बहस करनी होगी और विधेयक में बदलाव (संशोधन) भी करने होंगे। अगर वे इस विधेयक को मंजूरी दे देते हैं, तो इसे वापस हाउस (प्रतिनिधि सभा) में भेजा जाएगा, जहां सभी सदस्य फिर से इस पर मतदान करेंगे। इसके बाद ही यह विधेयक राष्ट्रपति के पास जाएगा। चूंकि हाउस और सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के सदस्य थोड़े ही हैं, इसलिए नेताओं को लगभग सभी सांसदों का समर्थन चाहिए, ताकि विधेयक पारित हो सके। न्यूयॉर्क के डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद चक शूमर ने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों ने यह विधेयक रात के अंधेरे में शुक्रवार को जारी किया और जनता को इसके बारे में पूरी जानकारी मिलने से पहले जल्दी से इसे पारित करवा रहे हैं।