अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया की गलियों में आज से 50 साल पहले एक अज्ञात सामूहिक हत्यारे का खौफ दिखाई पड़ता है। इस हत्यारे ने खुद को 'जोडियेक किलर' का नाम दिया हुआ था। हत्या से पहले हत्यारा सैन फ्रांसिस्को क्रॉनिकल अखबार को एक कोडवर्ड वाला मैसेज भेजता था।
वहीं, अब 51 साल बाद क्रिप्टोग्राफी विशेषज्ञों की एक टीम अंततः 1969 में सैन फ्रांसिस्को क्रॉनिकल को भेजे गए हत्यारे के रहस्यमय कोडित संदेशों में से एक को क्रैक करने में सक्षम हो पाए हैं।गौरतलब है कि साल 2007 में हॉलीवुड में इस हत्यारे के ऊपर एक फिल्म बनाई गई। इस फिल्म का नाम भी 'जोडियेक' रखा गया। इसमें रॉबर्ट डाउनी जूनियर, मार्क रफैलो और जैक गिलेनहाल जैसे सरीखे स्टार थे।
इन चार लोगों ने डिकोड किया है मैसेज
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, इस मैसेज को '340 साइफर' के नाम से डब किया गया, क्योंकि इसमें 340 अक्षर हैं। इस मैसेज को वर्जिनिया राज्य के एक सोफ्टवेयर डेवलेपर डेविड ओरांचक, बेल्जियन कंप्यूटर प्रोग्रामर जरल वान आइके और ऑस्ट्रेलियाई गणितज्ञ सैम ब्लेक ने डिकोड किया है। टीम को कोड क्रैक करने में कई साल लग गए। 46 वर्षीय वेब डिजाइनर डेविड ओरांचक ने पहली बार 2006 में जटिल कोड को समझने के लिए कंप्यूटर प्रोग्राम का उपयोग करने की कोशिश की।
एएफपी ने रिपोर्ट किया, माना जा रहा था कि इस मैसेज के डिकोड होने के बाद हत्यारे की पहचान हो सकेगी। लेकिन डिकोड करने वाली टीम ने पाया कि मैसेज में जोडियक किलर ने कोई सुराग दिए बिना कानून प्रवर्तन अधिकारियों को लेकर डींगे मारे।
हत्यारे ने मैसेज में क्या कहा
हत्यारे के मैसेज को बड़े अक्षरों में और बिना किसी विराम चिह्न के लिखा गया है। अपने मैसेज में हत्यारे ने लिखा, 'मुझे उम्मीद है कि आप लोगों को मुझे पकड़ने की कोशिश करने में बहुत मजा आ रहा होगा, मुझे गैस चैंबर से कोई डर नहीं है, क्योंकि यह मुझे जन्नत में और भी जल्दी भेज देगा और मेरे पास खुद का काम करवाने के लिए अब पर्याप्त दास भी हैं।
यह वह पहला मैसेज नहीं था, जो जोडियेक किलर ने अपने दहशत के दिनों के दौरान कैलिफोर्निया के अखबारों को भेजा था। 1969 में, एक स्कूल शिक्षक और उसकी पत्नी ऐसा ही एक समान मैसेज डिकोड करने में काफी हद तक सफल हुए थे।
इस मैसेज में हत्यारे ने कहा था, 'मुझे मारना पसंद है क्योंकि यह बहुत मजेदार है।' इस मैसेज में भी 'दास' की बात कही गई थी, जिसे लेकर दावा किया गया है कि हत्यारे का मानना है कि वह मरने के बाद की जिंदगी के लिए अपनी सेवा करने के लिए वह दास जमा कर रहा है।