दक्षिण अफ्रीका की दिग्गज स्वतंत्रता सेनानी और अफ्रीकी राष्ट्रीय कांग्रेस (एएनसी) की उपमहासचिव यास्मिन जेस्सी दुआर्ते (68) का रविवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहीं थीं। एएनसी ने एक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की और कहा कि वह संगठन के लिए शक्ति का स्तंभ थीं। दुआर्ते पिछले साल नवंबर से ही चिकित्सा अवकाश पर थीं। पार्टी प्रवक्ता ने कहा, जेस्सी का जाना सिर्फ परिवार के लिए ही नहीं बल्कि लोकतांत्रिक आंदोलन और पूरे देश के लिए एक बड़ी क्षति है।
खशोगी के अमेरिकी वकील को मनी लॉन्ड्रिंग में पकड़ा
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अफसरों ने पत्रकार जमाल खशोगी के अमेरिकी वकील असीम गफूर को दुबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। गफूर को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में तीन साल कैद और 8.16 लाख डॉलर का जुर्माने की सजा दी गई है।
सुनवाई गफूर की अनुपस्थिति में हुई थी, लिहाजा इस मामले में अमेरिकी दूतावास के अनुरोध पर फिर से सुनवाई होगी और दोषी पाए जाने पर गफूर को सजा भुगतनी होगी। वाशिंगटन स्थित मानवाधिकार समूह डेमोक्रेसी फॉर द अरब वर्ल्ड नाउ (डॉन) ने बताया कि गफूर को 14 जुलाई को दुबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। यूएई अधिकारियों ने कहा, दोनों देशों के बीच हुए आर्थिक अपराधों को रोकने वाले करारों के तहत यह कार्रवाई हुई है।
कंजरवेटिव सांसदों के बीच पीएम के लिए पहली पसंद ऋषि सुनक
ब्रिटेन में कंजरवेटिव पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री पद के लिए अंतिम बचे पांच दावेदारों के बीच इन दिनों टेलीविजन पर भावी नीतियों को लेकर बहस का दौर चल रहा है। मीडिया का मानना है कि दौड़ में सत्ताधारी कंजरवेटिव पार्टी के 358 सांसदों के बीच भारतीय मूल के ऋषि सुनक सबसे आगे हैं।
दैनिक संडे टेलीग्राफ में छपे एक सर्वे के मुताबिक, कंजरवेटिव पार्टी के करीब आधे सांसदों का मानना है कि वह विदेश मंत्री लिज ट्रस और कनिष्ठ मंत्री पैनी मोरडोंट के मुकाबले बेहतर रहेंगे। ट्रस के पास जॉनसन के वफादारों का समर्थन है। उधर, पार्टी के दो लाख सदस्यों ने कनिष्ठ मंत्री पैनी मोरडोंट को अध्यक्ष और इसके बाद पीएम के लिए पसंद करार दिया है।
टोरी की वेबसाइट पर केमी बेडेनोच आगे
कंजरवेटिव पार्टी की वेबसाइट पर आए एक सर्वे में सदस्यों ने पूर्व समानता मंत्री केमी बेडेनोच को अन्य से आगे दिखाया है। इसके मुताबिक, ट्रस दूसरे और मोरडोंट तीसरे स्थान पर हैं। शुक्रवार को टीवी पर बहस के बाद संसद की विदेश मामले समिति अध्यक्ष टॉम तुगेनधत को दर्शकों ने पीएम पद के लिए अपनी पहली पसंद करार दिया है।
तेहरान में पालतू जानवरों को पार्क में घुमाना अपराध घोषित
ईरान की राजधानी तेहरान में पुलिस ने एलान किया है कि पार्कों में कुत्ते घुमाना अब अपराध है। इस प्रतिबंध के उल्लंघन पर गिरफ्तारी के साथ भारी जुर्माना लगाया जाएगा। प्रतिबंध को जनता की सुरक्षा के लिहाज से जरूरी करार दिया गया है। समूचे ईरान में जानवर पालने को अपराध बनाने के लिए संसद में जल्द ही जानवररोधी जनअधिकार विधेयक भी लाया जा रहा है। ऐसा होने के बाद पूरे देश में घरों में कुत्ते, बिल्ली जैसे पालतू जानवरों को रखना अपराध हो जाएगा।
प्रस्तावित कानून के मुताबिक, विशेष कमेटी से परमिट लेने के बाद ही घरों में पालतू जानवर रखे जा सकेंगे। इस कानून के अनुसार, बिल्ली, कछुए, खरगोश जैसे कई जानवरों के आयात, खरीद-बिक्री, लाने-ले जाने और रखने पर करीब 800 डॉलर का न्यूनतम जुर्माना भी लगाया जा सकेगा।