अमेरिकन आइडल के अफगान संस्करण को जीते वाली पहली महिला ने कहा है कि वह अपने संगीत के जरिए तालिबान से लड़ेंगी। फिलहाल अफगानिस्तान तालिबान से जूझ रहा है, जिसने वहां आतंक फैलाया हुआ है। आए दिन अफगानिस्तान में ये आतंकी हमले कराता है। अफगानिस्तान का मानना है कि तालिबान को पाकिस्तान का समर्थन प्राप्त है।
जहरा एलहाम ने अफगान स्टार का 14वां संस्करण बीते हफ्ते ही जीता है। उनकी उम्र 20 साल के करीब है। बीते 13 साल से इस मशहूर टेलीविजन शो को पुरुष जीतते आ रहे थे। एलहाम अफगानिस्तान के हजारा अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। वह पारंपरिक लिवाज में हजारा और फारसी लोक संगीत का प्रदर्शन करती हैं। जो दर्शकों को इतना पसंद आया कि एलहाम विजेता बनीं।
शो में एलहाम के विजेता बनने के बाद से उनकी दुनियाभर में प्रशंसा की जा रही है। एलहाम ने एक निजी टेलीविजन को दिए इंटरव्यू में कहा है कि वह अपनी जीत से अन्य लड़कियों को प्रेरित करेंगी। एलहाम का कहना है, "मुझे अपनेआप पर गर्व हुआ लेकिन उसी समय प्रतियोगिता जीतने वाली पहली महिला बनने पर आश्चर्य भी हुआ।"
एलहाम का कहना है कि उनके परिवार में कोई भी नहीं गाता है। वह यूट्यूब पर अफगान पॉप सिंगर और सोशल मीडिया स्टार अरयाना सईद की वीडियो देखकर प्रेरित हुईं। उनका कहना है कि वह एक ऐसे देश से हैं जहां सार्वजनिक स्थानों पर महिलाएं अनुपस्थित रहती हैं।
वह कहती हैं, "हां, मेरी आवाज अफगानिस्तान की महिलाओं के लिए जरूरी है। अन्य लड़कियों को भी हिम्मत करनी होगी और गाना होगा, जैसे मैं अरयाना सईद का अनुकरण करती हूं। जब मैंने अरयाना सईद जैसी लड़की को देखा तो मैंने खुद को सोचा, कि अगर वो कर सकती है तो मैं भी कर सकती हूं। उसके भी दो हाथ और दो पैर हैं, जैसे मेरे।"